
नई दिल्ली
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु निर्वाचन आयोग द्वारा नई दिल्ली में आयोजित किए जा रहे इस राष्ट्रीय समारोह में मुख्य अतिथि होंगी। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री किरेन रिजिजू विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे।इस वर्ष के राष्ट्रीय मतदाता दिवस (एनवीडी) का विषय ‘नथिंग लाइक वोटिंग, आई वोट फॉर श्योर’ (वोटिंग बेमिसाल है, मैं अवश्य वोट देता हूं) मतदाताओं को समर्पित है जो वोट की शक्ति के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया में भागीदारी के प्रति व्यक्ति की भावना और आकांक्षा को व्यक्त करता है। इसके लोगो को चुनाव प्रक्रिया के उत्सव और समावेशिता को प्रदर्शित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इसकी पृष्ठभूमि में अशोक चक्र दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का प्रतिनिधित्व करता है, जबकि स्याही लगी उंगली देश के प्रत्येक मतदाता की भागीदारी का प्रतिनिधित्व करती है।2011 से ही भारत के निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस, यानी 25 जनवरी 1950 को चिन्हित करने के लिए पूरे देश में हर साल 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। इस एनवीडी उत्सव का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में चुनावी जागरूकता पैदा करना और उन्हें चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। देश के मतदाताओं को समर्पित, राष्ट्रीय मतदाता दिवस का इस्तेमाल मतदाताओं, खासकर नए-नए पात्र युवा मतदाताओं के नामांकन की सुविधा के लिए भी किया जाता है। देश भर में आयोजित एनवीडी समारोहों में नए मतदाताओं का अभिनंदन किया जाता है और उन्हें अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) सौंपा जाता है।

