
नई दिल्ली,
7 फरवरी।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को अडाणी समूह मामले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण प्रस्ताव पर चर्चा में राहुल गांधी ने कहा कि केरल से कश्मीर तक 3600 किलोमीटर की यात्रा में एक ही सवाल था, अडाणी, अडाणी अडाणी। इस पर विपक्षी दलों ने ‘शेम- शेम-शेम’ और ‘मोदी है तो
मुमकिन है’ के नारे लगाए और केंद्र सरकार को घेरा। राहुल गांधी कहा कि केंद्र सरकार ने अडाणी को ये हवाईअड्डे देने के लिए नियमों को बदल दिया और छह हवाईअड्डे अडाणी को उपलब्ध कराए।
– राहुल गांधी ने कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के दिल्ली आने के बाद असली जादू यह हुआ कि बीते आठ वर्षों के भीतर उद्योगपति गौतम अडाणी दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए। उन्होंने तंज किया, हार्वर्ड (अमेरिकी संस्थान) को अध्ययन करना चाहिए कि राजनीति और कारोबार का क्या रिश्ता होता है? इसमें प्रधानमंत्री को स्वर्णपदक मिलेगा। (जनसत्ता )

