
सतना
आज सतना में शबरी माता की जयंती के अवसर पर आयोजित ‘कोल जनजाति महाकुंभ’ अवसर पर अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि आज यहां 507 करोड़ रूपए के 70 निर्माण कार्यों का शिलान्यास और 26 करोड़ रूपए के कई कामों का लोकार्पण भी हुआ है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की चौहान सरकार ने कोल जाति और जनजातीय भाईयों-बहनों के कल्याण के लिए कई काम किए हैं।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि अंत्योदय का अर्थ है समाज के गरीब से गरीब व्यक्ति के लिए सम्मान से जीने का रास्ता प्रशस्त करना। पिछली सरकार के समय घरों में शौचालय नहीं थे, मोदी जी ने 10 करोड़ घरों में शौचालय बनाए जिनमें सबसे ज़्यादा शौचालय आदिवासियों के घरों में बने। मोदी जी ने 3 करोड़ लोगों को घर दिए, बिजली दी, गैस सिलिंडर दिए, 5 लाख तक का पूरा स्वास्थ्य का खर्चा मुफ्त कर दिया और कोरोना के टीके की दोनों डोज़ फ्री लगाईं। उन्होंने कहा हर गरीब के घर में प्रति व्यक्ति प्रति माह 5 किलो अनाज मुफ्त देने का फैसला भी किया।
शाह ने कहा कि कोल जाति का स्वतंत्रता आंदोलन में बहुत महत्वपूर्ण योगदान रहा है और मोदी सरकार 200 करोड़ रूपये की लागत से देशभर में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय स्थापित करवा रही है. इन सभी संग्रहालयों में 1831 के कोल विद्रोह की शौर्यगाथा अंकित है। उन्होंने कहा कि चाहे गोंड महारानी दुर्गावती की बहादुरी हो, रानी कमलापति का बलिदान हो या अमर सेनानी बुद्धु भगत, जोवा भगत की बात हो, इन सभी को मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार ने याद रखने का काम किया है। उन्होंने कहा कि लगभग 5 करोड़ की लागत से रघुनाथ साह और शंकर साह का स्मारक भी शिवराज जी ने बनाया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र में मोदी जी और मध्य प्रदेश में शिवराज जी की डबल इंजिन की सरकार राज्य के हर गरीब के जीवन में सुख पहुंचाने के लिए संकल्पित है।
सांसद गणेश सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों के विरूद्ध 18वीं शताब्दी में पहला कोल विद्रोह हुआ था। आज केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह और मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महाकुंभ में कोल समाज को सम्मानित कर उनका गौरव बढ़ाया है। कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल और विधायक शरद कोल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री सुश्री मीना सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल, सांसद खजुराहो व्ही.डी. शर्मा, जन-प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

