
नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली के आबकारी नीति घोटाला मामले में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई ने करीब 8 घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार करने का फैसला लिया। इससे पहले मनीष सिसोदिया रैली को रूप में अपने निवास से निकले, फिर राजघाट गए। यहां बापू को श्रद्धांजलि देने के बाद वे सीबीआई दफ्तर पहुंचे। उन्होंने पहले ही आशंका जताई थी कि उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।सीबीआई दफ्तर में जब मनीष सिसोदिया से पूछताछ की जा रही थी, तब आम आदमी पार्टी के नेता बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। यहां पुलिस ने धारा 144 लगा रखी है। इस दौरान संजय सिंह, गोपाल राय समेत अन्य बड़े नेताओं को हिरासत में लिया गया। वहीं आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक नारों का उपयोग भी किया।

