
शहडोल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा है कि किसानों की खुशहाली सरकार की प्राथमिकता है। किसानों के कल्याण के लिए अनेक कदम उठाये गये हैं। प्रदेश में सिंचाई के रकबे को बढ़ाने के लिए अनेक परियोजनाएँ संचालित एवं निर्माणाधीन है। ऊँचे स्थानों तक सिंचाई के लिए पाइपलाइन डाल कर किसान के खेत तक पानी पहुँचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहडोल जिले कि हिरवार सूक्ष्म सिंचाई परियोजना से 37 ग्रामों में किसानों की 7481 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई सुविधा का विस्तार होगा, जिससे किसानों की जिन्दगी बदलेगी और उनके खेत लहलहा उठेंगे। श्री चौहान ने 327 करोड़ 51 लाख रूपये की लागत वाली भन्नी वृहद सिंचाई परियोजना का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान आज शहडोल जिले के ग्राम बहेरिया में 116 करोड़ 78 लाख रूपये लागत की सिंचाई परियोजना का लोकार्पण कर संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हितग्राही किसान बलराम यादव से वीडियो कॉन्फ्रेंस कर चर्चा भी की। किसान ने कहा कि सिंचाई सुविधा मिलने से इस क्षेत्र के किसानों के जीवन में खुशहाली आयेगी। मेरी भी ढाई एकड़ जमीन सिंचित होगी।

