
नयी दिल्ली, 29 मई (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी उनकी पार्टी कर्नाटक का प्रदर्शन दोहराने जा रही है और वहां उसे 150 सीटें मिलेंगी।.कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस साल के आखिर में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी की राज्य इकाई के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में राहुल गांधी और पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल भी शामिल हुए।.बैठक के बाद राहुल गांधी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अभी हमारी लंबी चर्चा हुई। हमारा आंतरिक आकलन है कि हमें मध्य प्रदेश में 150 मिलने जा रही है। कर्नाटक में 136 सीटें मिली हैं। हमने कर्नाटक में जो किया है वही मध्य प्रदेश में दोहराने जा रहे हैं।’’.यह पूछे जाने पर कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा कमलनाथ होंगे तो राहुल गांधी ने सिर्फ यह कहा, ‘‘हमें 150 सीटें मिलने वाली हैं।’’.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को सरकार के नौ साल पूरे होने पर उस पर निशाना साधा और उस पर ‘‘घातक महंगाई’’ के जरिए लोगों की कमाई को ‘‘लूटने’’ का आरोप लगाया जबकि इसके बारे में ‘‘अहंकारी दावे’’ किए। .केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने 26 मई को नौ साल पूरे किए। खड़गे ने हिंदी में एक ट्वीट में सरकार पर हमला करते हुए कहा, “नौ साल में जानलेवा महंगाई से बीजेपी ने लूटी जनता की कमाई! जीएसटी ने हर जरूरी चीज पर असर डाला, बजट बिगाड़ दिया, जीना दुश्वार कर दिया!” “अहंकार का दावा– ‘महंगाई दिखाई नहीं देती’ या ‘हम इतनी महंगी चीज खाते ही नहीं’। ‘अच्छे दिन’ से ‘अमृत काल’ तक का सफर, महंगाई की मार से जनता की लूट बढ़ी है!” खड़गे ने कहा।
पटना, 29 मई (भाषा) जद(यू) के प्रवक्ता नीरज कुमार ने राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश पर पार्टी द्वारा नये संसद भवन के उद्घाटन समारोह का बहिष्कार किए जाने के बावजूद उसमें हिस्सा लेने पर सोमवार को निशाना साधा।.नीरज ने पत्रकार से राजनेता बने हरिवंश के नये संसद भवन के उद्घाटन समारोह में भाग लेने की निंदा करते हुए एक बयान जारी कर कहा कि समारोह में ‘‘यहां तक कि आपके सभापति, माननीय उप राष्ट्रपति तक मौजूद नहीं थे।’’.
नयी दिल्ली, 29 मई (भाषा) पहलवानों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के अनुसार उन्होंने पुलिस की उस चेतावनी को नजरअंदाज किया जिसमें कहा गया था कि नए संसद भवन के उद्घाटन के दौरान हंगामा करने से ‘‘राष्ट्र की प्रतिष्ठा को नुकसान’’ पहुंचेगा और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लेकिन उन्होंने इस चेतावनी पर गौर नहीं किया और मार्च निकालने की कोशिश की।.पहलवानों को रविवार को उनके मार्च के दौरान हिरासत में लिया गया था, हालांकि बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।.
कांग्रेस ने दिल्ली में महिला पहलवानों के साथ कथित बदसलूकी और शाहबाद डेरी इलाके में किशोरी की निर्मम हत्या के मामलों को लेकर सोमवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह सरकार बेटी नहीं, बेटी के साथ अपराध करने वालों को बचाती है।.पार्टी नेता अलका लांबा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को सुनिश्चित करना चाहिए कि यौन शोषण के आरोपी भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी हो।.समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने सोमवार को प्रदर्शनकारी पहलवानों का समर्थन करते हुए बेटियों को ‘अपमानित’ करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा और केंद्र से ‘भारत की बेटियों को न्याय दिलाने’ के लिए आगे आने का आग्रह किया।.

