
भोपाल : गुरूवार, दिसम्बर 28, 2023
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि चित्रकूट के बगदरा घाटी में गौवंश संरक्षण के लिए काऊ सफारी के रुप में गौ अभयारण्य विकसित किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र पुराने समय से गौमाता के प्राकृतिक रहवास के रूप में जाना जाता रहा है। उन्होंने कहा कि बगदरा घाटी में सड़क के दोनों ओर 20-20 हेक्टेयर क्षेत्र में जंगल क्षेत्र को फेनसिंग कर वन्य प्राणियों से सुरक्षित किया जायेगा। लगे हुए राजस्व भूमि के 50 एकड़ जमीन पर गौशाला एवं अन्य सुविधाएं विकसित की जायेंगी। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल बगदरा में गौ-अभयारण्य विकसित करने की कार्ययोजना की समीक्षा कर रहे थे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बसामन मामा गौ अभयारण्य की तर्ज पर यहां भी दानदाताओं और जनसहयोग से गौशाला के संचालन में सहयोग लिया जाएगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि गौवंश के सरंक्षण के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 10 हजार गौमाता के संरक्षण के लिए गौ-अभयारण्य विकसित किए जाने के प्रयास होने चाहिए।प्रभारी कलेक्टर डॉ परीक्षित झाड़े और जिला वनमंडलाधिकारी विपिन पटेल ने बगदरा घाटी में बनाए जाने वाले गौ अभ्यारण्य की रूपरेखा और कार्य योजना प्रस्तुत की। गौ-अभयारण्य में लगभग बीस हजार गौवंशीय पशुओं को रखने की व्यवस्था की जायेगी। यह भी बताया गया कि बगदरा घाटी के समीप निकटतम ग्राम पिण्डरा और पड़मनिया जागीर में गौशालायें संचालित की जा रही हैं। सतना में स्वीकृत कुल 110 गौशालाओं में से 90 गौशालायें पूर्ण कर संचालित की जा रही हैं। बैठक में गौशालाओं के संचालन से स्थानीय जनों की आजीविका सुधार में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी गयी। बैठक में स्थानीय जन प्रतिनिधि राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने विंध्य का व्यापार मेला सतना में कहा है कि व्यापार मेला विशेष पहचान बन गया है। आपसी सांमजस्य और भाईचारे की भावना से काम करने की ललक सतना की भव्यता को और भी बढ़ाती है। उन्होने कहा कि सतना और रीवा शहर जुड़वे भाई हैं। विंध्य क्षेत्र को विकसित करने इन दोनो ही शहरों को इंदौर और उज्जैन की भांति ट्विन सिटी के रुप में विकसित किया जायेगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने 11 दिवसीय विंध्य व्यापार मेला आयोजन की 6वीं संध्या का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार सहित समस्त व्यापारिक संस्थाओं के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि विंध्य क्षेत्र के विकास के लिये रीवा और सतना सहित पूरे विंध्य क्षेत्र को प्रगति की रफ्तार दी जायेगी। उन्होने कहा कि बरगी नहर का पानी सतना में लाने के प्रयास पहले से ही किये जा रहे हैं, प्रयासों में और तेजी लाई जा रही है। पद की शपथ लेते ही सबसे पहले बरगी का पानी सतना लाने और सीधी-सिंगरौली फोरलेन सड़क को गति देने के लिये वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर समय-सीमा निर्धारित की गई है।बाणसागर के सिरसी टापू में पर्यटन हेरिटेज का कार्य 15 दिन में पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा बरगी नहर की टनल के शेष बचे 1700 मीटर की खुदाई का कार्य दो माह की अवधि में पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सतना से खजुराहो तक फोरलेन सड़क स्वीकृत हो गई है। चित्रकूट से सतना और सतना से मैहर तक बनने वाली उच्च स्तरीय सड़क का काम सतना से मैहर तक पूरा हो गया है। उप मुख्यमंत्री ने विंध्य व्यापार मेले में एमपी पीएससी 2019 की परीक्षा में टॉपर सुश्री प्रिया पाठक सहित सतना जिले के अन्य चयनित प्रतिभागियों और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया।
————————————————————————————————
सामान्य प्रशासन विभाग ने अपर मुख्य सचिव गृह राजेश कुमार राजौरा को परिवहन विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपते हुए प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह को उक्त प्रभार से मुक्त करने संबंधी आदेश जारी किया है। शासन ने विशेष पुलिस महानिदेशक और परिवहन आयुक्त संजय कुमार झा को परिवहन आयुक्त के पदभार से मुक्त करने संबंधी आदेश भी जारी कर दिया है।शासन से जारी आदेशानुसार गुना कलेक्टर तरुण राठी की नवीन पदस्थापना अपर सचिव मध्यप्रदेश शासन के पद पर की गई है। गुना जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रथम कौशिक को कलेक्टर गुना का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसी प्रकार गुना पुलिस अधीक्षक विजय कुमार खत्री की नवीन पदस्थापना सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय, भोपाल करते हुए जिले के वरिष्ठतम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को गुना पुलिस अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार सौंपने संबंधी आदेश जारी कर दिये गये हैं।

