
PIB Delhi महाराष्ट्र में सिंधुदुर्ग के राजकोट किले में स्थापित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा को असाधारण मौसम की स्थिति के कारण हुई दुर्भाग्यपूर्ण क्षति की जांच के लिए महाराष्ट्र सरकार के प्रतिनिधियों और तकनीकी विशेषज्ञों के साथ भारतीय नौसेना की अध्यक्षता में एक संयुक्त तकनीकी समिति का गठन किया जा रहा है।इस प्रतिमा का अनावरण 04 दिसंबर, 23 को नौसेना दिवस समारोह के हिस्से के रूप में किया गया था। यह आयोजन पहली बार सिंधुदुर्ग के राजकोट किले में किया गया था। इसका उद्देश्य समुद्री रक्षा और सुरक्षा के प्रति मराठा नौसेना और छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत एवं आधुनिक भारतीय नौसेना के साथ इसके ऐतिहासिक संबंधों का सम्मान करना था। इस परियोजना की परिकल्पना और संचालन भारतीय नौसेना ने राज्य सरकार के साथ मिलकर किया था। इसके लिए राज्य सरकार ने धन भी उपलब्ध कराया था।भारतीय नौसेना शिवाजी महाराज की प्रतिमा की मरम्मत, पुनरुद्धार और यथाशीघ्र उसकी पुनःस्थापना के लिए सभी उपायों में सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध है।
खड़गे ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर मोदी सरकार की आलोचना की
नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को महिला सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से अपने भाषणों में कई बार इस मुद्दे पर बात की है, लेकिन उनकी सरकार ने महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।खड़गे ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध एक गंभीर मुद्दा है और इन अपराधों को रोकना देश के लिए बड़ी चुनौती है।कांग्रेस अध्यक्ष ने एक्स पर हिंदी में लिखे एक पोस्ट में कहा, “हमें एकजुट होकर समाज के हर वर्ग को साथ लेकर इसका समाधान निकालना होगा।”
नयी दिल्ली 29 अगस्त (भाषा) कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘अरबपति राज’ ब्रिटिश राज से भी ज्यादा असमानता वाला है।पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि जब दुनिया भर में ‘अरबपति टैक्स’ के विचार को लेकर कई देश एकजुट हो रहे हैं तो भारत सरकार ने चुप्पी साध रखी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की विरासत को आगे बढ़ाते हुए उन्हीं की तरह समाज को बांटने का प्रयास कर रही हैं।
भोपाल राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा है कि अगले दो दिन में लंबित प्रकरणों का शत्- प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राजस्व महाभियान के दूसरे चरण में राजस्व अधिकारियों ने अब तक रिकार्ड 43 लाख 92 हजार 222 राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया है। नामांतरण, बंटवारा, अभिलेख दूरूस्ती के प्रकरण सभी जिलों में 99 प्रतिशत से अधिक का निराकरण किया जाना सराहनीय कार्य है। महाभियान 31 अगस्त को पूरा होगा। अभी दो दिन शेष है। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी उनके क्षेत्र में लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। अब तक नामांतरण के 2 लाख 56 हजार 106, बंटवारा के 25 हजार 976, अभिलेख दुरूस्ती के 26 हजार 40 और नक्शा तरमीम के 40 लाख 84 हजार 100 प्रकरणों का निराकरण किया गया है। राजस्व महाभियान 2.0 की शुरूआत 18 जुलाई को हुई थी। महाभियान 31 अगस्त तक जारी रहेगा।

