
पहलगाम हमले पर जनता का आक्रोश जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के अंत की शुरुआत : मुख्यमंत्री उमर
जम्मू: 28 अप्रैल (भाषा)
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि पहलगाम आतंकी हमले को लेकर जम्मू-कश्मीर में फैले जनाक्रोश ने उम्मीद की किरण जगाई है कि लोगों की मदद से आतंकवाद का जल्द ही खात्मा हो सकता है।उन्होंने भरोसा दिलाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) सरकार आतंकवाद के खिलाफ लोगों के अभियान को मजबूत करने के लिए काम करेगी।
26 राफेल-मरीन विमानों के लिए फ्रांस के साथ समझौते
28 APR PIB Delhi
भारत और फ्रांस ने भारतीय नौसेना के लिए 26 राफेल विमान (22 सिंगल-सीटर और चार ट्विन सीटर) की खरीद के लिए एक अंतर-सरकारी समझौते (आईजीए) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसमें प्रशिक्षण, सिम्युलेटर, संबंधित उपकरण, हथियार और प्रदर्शन-आधारित रक्षा सामग्री शामिल हैं। इसमें भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के मौजूदा राफेल बेड़े के लिए अतिरिक्त उपकरण भी शामिल हैं।रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह और फ्रांस के सशस्त्र बल मंत्री श्री सेबेस्टियन लेकॉर्नू ने अंतर-सरकारी समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। नई दिल्ली में 28 अप्रैल, 2025 को नौसेना भवन में रक्षा सचिव श्री राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में भारत और फ्रांस के अधिकारियों ने समझौते, विमान पैकेज आपूर्ति प्रोटोकॉल और हथियार पैकेज आपूर्ति प्रोटोकॉल की हस्ताक्षरित प्रतियों का आदान-प्रदान किया।
यमुना का पानी 33 में से 22 स्थानों पर गुणवत्ता परीक्षण में विफल : मंत्रालय ने संसदीय समिति को बताया
नयी दिल्ली: 28 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि निगरानी वाले यमुना नदी के 33 स्थानों में से 22 स्थानों पर 2024 में पानी की गुणवत्ता केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मानकों पर खरी नहीं उतरी।सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय ने संसद की स्थायी समिति के समक्ष प्रस्तुति में कहा कि दिल्ली और उत्तर प्रदेश में क्रमशः सभी सात और 12 स्थान स्नान के लिए प्राथमिक जल गुणवत्ता मानदंड पर खरे नहीं उतरे, जबकि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में सभी चार स्थान इस मानदंड पर खरे उतरे।
प्रतिवर्ष होगी मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा: मुख्यमंत्री यादव
भोपाल : सोमवार, अप्रैल 28, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि कोई भी पद खाली न रहे, इस उद्देश्य से शासकीय सेवा में समय पर भर्ती सुनिश्चित करने के लिए प्रतिवर्ष मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) द्वारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। इससे एक ही परीक्षा में अलग-अलग श्रेणियों के लिए अभ्यर्थियों का चयन होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन के लिए इस प्रकार के सभी प्रयास करने की दिशा में राज्य सरकार सक्रिय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को महंगाई भत्ते की वृद्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारी-कर्मचारी शासकीय नीतियों और सुशासन का अंतिम पंक्ति तक क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कराने की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया को जारी संदेश में यह विचार व्यक्त किए।

