
संसद किसी की जागीर नहीं, नीट मामले पर चर्चा कराए सरकार: विपक्ष
नयी दिल्ली: 20 जुलाई (भाषा) विपक्षी नेताओं ने राजधानी में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने को लेकर सोमवार को सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सरकार को अहंकार छोड़कर उनसे बात करनी चाहिए तथा संसद में भी नीट पेपर लीक के मामले पर चर्चा करनी चाहिए।कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि संसद देश के बच्चों की है और किसी की जागीर नहीं है।उन्होंने कहा कि नीट के मामले पर संसद में विस्तृत चर्चा होनी चाहिए और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को करोड़ों युवाओं की बात सुननी चाहिए।
कुछ समस्या है तो बात करें, विरोध प्रदर्शन करने का कोई मतलब नहीं: हेमा मालिनी
नयी दिल्ली: 20 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने सोमवार को कहा कि अगर प्रदर्शनकारियों को कोई समस्या है तो बात करनी चाहिए और प्रदर्शन करने का कोई मतलब नहीं है।उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से यह भी कहा कि मोदी सरकार युवाओं और छात्रों के साथ हमेशा खड़ी रही है और बहुत कुछ किया है।
मेलोडी’ खाने का समय है, लेकिन प्रदर्शनकारियों से बात करने का नहीं-आप
नयी दिल्ली: 20 जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे जाने को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की। पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों से बातचीत शुरू नहीं करने के लिए सरकार पर अहंकार का आरोप लगाया।आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे युवाओं की केवल एक ही मांग है, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाया जाए।सिंह ने कहा, ‘‘कई दिनों से यह प्रदर्शन चल रहा है। उनकी केवल एक मांग है — शिक्षा मंत्री का इस्तीफा और प्रश्न पत्र लीक मामले में सख्त कार्रवाई। लेकिन केंद्र सरकार में किसी के पास प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने का समय नहीं है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पास ‘मेलोडी’ खाने का समय है, लेकिन प्रदर्शनकारियों से बात करने का नहीं।’’आप नेता गोपाल राय ने संवाददाता सम्मेलन में मांग की कि कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके को तुरंत हिरासत से रिहा किया जाए।राय ने कहा, ‘‘उन्होंने केवल धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग की थी, लेकिन सरकार ने इसके बजाय (सामाजिक कार्यकर्ता) सोनम वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से हटा दिया। छात्र शांतिपूर्ण तरीके से मार्च कर रहे थे, लेकिन जंतर-मंतर के आसपास सभी रास्तों पर अवरोधक लगा दिए गए, बल प्रयोग किया गया और दीपके को हिरासत में ले लिया गया।’’दिल्ली पुलिस ने कहा है कि दीपके को हिरासत में नहीं लिया गया है और उन्हें हिरासत में लेने से जुड़ी खबरें गलत हैं।
कोल गैसीकरण
नेशनल कोल गैसीकरण मिशन ने 2030 तक 100 मिलियन टन (एमटी) कोल गैसीकरण क्षमता हासिल करने का बड़ा टारगेट रखा है। आज की तारीख में, लगभग 22.6 मिलियन टन प्रति साल (एमटीपीए) कोल गैसीकरण क्षमता चालू है सरकार ने कोल गैसीकरण में ज़्यादा निजी और सार्वजनिक क्षेत्र निवेश लाने के लिए हाल ही में मंज़ूर योजना के तहत प्रोत्साहन फ्रेमवर्क को मज़बूत किया है। 24.01.2024 को मंज़ूर 8500 करोड़ रुपये की पिछली योजना के तहत, योग्य वित्तीय प्रोत्साहन तय सीमा के तहत कैपेक्स का 15 प्रतिशत था, जबकि 37,500 करोड़ रुपये की नई योजना कोल/लिग्नाइट गैसीकरण प्रोजेक्ट्स लगाने के लिए योग्य प्लांट और मशीनरी लागत का 20 प्रतिशत तक वित्तीय प्रोत्साहन देती है, जो तय सीमा के अधीन है।सरकार कोल गैसीकरण के माध्यम से कोल-टू-केमिकल, मेथनॉल और सिंथेटिक नेचुरल गैस के उत्पादन को बढ़ावा दे रही है। इसके लिए सरकार वित्तीय प्रोत्साहन दे रही है, कोयले की उपलब्धता को आसान बना रही है, रेगुलेटरी सपोर्ट को मजबूत कर रही है, अनुमति दिए जाने को आसान बना रही है, देसी तकनीकी को बढ़ावा दे रही है और इस तरह भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक ढांचागत योजना बना रही है।केंद्रीय कोयला और खान राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे ने आज राज्यसभा में एक लिखित जवाब में यह जानकारी दी।PIB Delhi

