
सीधी के पेशाब कांड पर कांग्रेस लीडर राहुल गांधी ने कहा है कि भाजपा राज में आदिवासी भाइयों और बहनों पर अत्याचार बढ़ते ही जा रहे हैं। मध्यप्रदेश में एक भाजपा नेता के अमानवीय अपराध से सारी इंसानियत शर्मसार हुई है। यह भाजपा का आदिवासियों और दलितों के प्रति नफ़रत का घिनौना चेहरा और असली चरित्र है!
पूर्व सीएम कमलनाथ ने कह कि ‘आज मेरा मन मध्यप्रदेश के आदिवासी भाई बहनों के अपमान की घटनाओं से बहुत दुखी है। सीधी जिले में एक आदिवासी युवक के ऊपर भाजपा नेता के पेशाब करने का वीडियो देखकर रूह कांप जाती है। क्या सत्ता का नशा इस कदर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर चढ़ गया है कि वे इंसान को इंसान नहीं समझ रहे। यह घटना आदिवासी अस्मिता पर प्रहार है। यह घटना टंट्या मामा और बिरसा मुंडा जैसे महापुरुषों का अपमान है। यह घटना मध्यप्रदेश के करोड़ों आदिवासी भाई बहनों का अपमान है। मैं शिवराज सरकार को चेतावनी देता हूं कि आदिवासी समाज पर हो रहे अत्याचारों को सरकारी संरक्षण देना बंद करें। कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से आदिवासी समाज के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिला कर रहेगी।’
बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी आरोपी भाजपा नेता पर सख्त कार्रवाई करने के साथ ही उसकी संपत्ति जब्त व ध्वस्त करने की मांग की है। मायावती ने ट्वीट कर कहा कि मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक आदिवासी/दलित युवक पर स्थानीय दबंग नेता द्वारा पेशाब किए जाने की घटना अति-शर्मनाक है।
मंगलवार को प्रवेश शुक्ला का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह एक मानसिक रूप से विक्षिप्त आदिवासी युवक पर पेशाब करते नजर आ रहा था। वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आरोपी पर शख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे और एनएसए लगाने की बात कही थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एनएसए के तहत केस दर्ज किया था। वहीं, मंगलवार को वीडियो वायरल होने और मामले के सामने आने के बाद पीड़ित की तरफ से एक हलफनामा दिया गया था जिसमें बताया गया था कि उसका प्रवेश शुक्ला से कोई विवाद नहीं है। पीड़ित ने वायरल हो रहे वीडियो को भी फर्जी बताया था।
सीधी जिले में पूर्व विधायक प्रतिनिधि प्रवेश शुक्ला को आदिवासी युवक पर पेशाब करने के मामले में मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर एनएसए लगाकर रीवा जेल में रखने के आदेश भी आ गए। वहीं शाम के समय उसका घर भी ढहा दिया गया।
इस घटना को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड करने वाले दीन दयाल साहू के मुताबिक घटना एक साल पहले की है. लेकिन यह वीडियो इसी साल 26 जून को पहली बार सामने आया. यह शर्मनाक घटना कुबरी पंचायत भवन के पास पीसीसी रोड की है. दीन दयाल साहू कहते हैं, “यह घटना शाम 7.30-8:00 बजे के आसपास मेरी दुकान के ठीक बाहर की है. पीड़ित आदिवासी कोल समुदाय का है और बहुत ही सीधा-सज्जन व्यक्ति है. मेरी मोबाइल रिचार्ज करने की दुकान है, पीड़ित मेरी दुकान पर फोन रिचार्ज कराने आया था और दुकान की सीढ़ियों पर बैठा था. तभी शुक्ला वहां आया और सीधे उस पर पेशाब करने लगा. पीड़ित ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना. इस दौरान मैंने भी कुछ सेकेंड तक घटना का वीडियो बनाने के बाद उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने मेरी भी नहीं सुनी. इसके बाद वह पेशाब करके चला गया.”“शुक्ला एक दबंग है और विधायक का प्रतिनिधि भी है. वह गांव में अक्सर गुंडागर्दी करता है. लोग उससे डरते हैं. वह अक्सर लोगों से लड़ाई-झगड़ा करता है. लेकिन उसके खिलाफ शिकायत करने की किसी में भी हिम्मत नहीं है. यहां तक की पुलिस भी उन्हीं का साथ देती है.” साहू ने कहा.साहू आगे कहते हैं कि उन्होंने यह वीडियो अपने एक दोस्त के साथ साझा किया था. उसने 26 जून को इसे गांव के अन्य लोगों के साथ साझा कर दिया.
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सीधी में आदिवासी पर पेशाब करने वाले नेता प्रवेश शुक्ला को पुलिस ने देर रात उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस कस्टडी में आरोपी पिता का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें पिता बोलते हुए सुनाई दे रहा है। अगर आरोपी गलती किया है तो उसे गोली मार दो, फांसी चढ़ा दो, हमें कोई एतराज नहीं लेकिन हमारे परिवार को सजा ना दो। दो वर्ष की बच्ची भूखी प्यासी मर रही है। दरअसल आरोपी प्रवेश शुक्ला को गिरफ्तार करने के लिए परिजनों को पुलिस कस्टडी में ली थी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने राज्य कोल जनताति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल के संयोजकत्व में चार सदस्यीय समिति गठित की है। जिसमें शरद कोल विधायक, अमर सिंह विधायक और कांतिदेव सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा शामिल है। यह समिति संपूर्ण तथ्यों की जांच कर प्रतिवेदन रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी। वीडी शर्मा शर्मा ने बुधवार को कहा कि सीधी की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है।


