
नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह सुनिश्चित करने के लिए केंद्र से हस्तक्षेप करने का बुधवार को आग्रह किया कि यमुना का स्तर और न बढ़े।.केजरीवाल ने कहा कि यमुना का जलस्तर अब तक के सबसे अधिक 207.55 मीटर तक बढ़ गया है।.सरकारी एजेंसियों ने बुधवार को कहा कि यमुना का जल स्तर 1978 में 207.49 मीटर तक पहुंच गया था और अब इस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए जलस्तर 207.55 मीटर तक पहुंच गया है।.यमुना के जल स्तर के बारे में एक अद्यतन जानकारी साझा करते हुए, केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा, ‘‘केंद्रीय जल आयोग ने आज यमुना का जलस्तर 207.72 मीटर तक पहुंचने का अनुमान जताया है। दिल्ली के लिए यह अच्छी खबर नहीं है।’’.उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली में पिछले दो दिन से बारिश नहीं हुई है, हालांकि, हथिनीकुंड बराज में हरियाणा द्वारा असामान्य रूप से अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का स्तर बढ़ रहा है। केंद्र से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया जाता है कि यमुना का जलस्तर और न बढ़े। वर्ष 1978 में उच्चतम बाढ़ स्तर 207.49 मीटर था। वर्तमान स्तर 207.55 मीटर है।’’.
कोलकाता, 12 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस हिंसा से प्रभावित पंचायत चुनाव में 34,694 ग्राम पंचायत सीटें अपने नाम कर भारी जीत की ओर अग्रसर है।.पश्चिम बंगाल में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के बाद मंगलवार सुबह से मतगणना जारी है।.
नयी दिल्ली, 12 (भाषा) उच्चतम न्यायालय ने विवादों में घिरी फिल्म ‘आदिपुरुष’ के निर्माताओं को इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा 27 जुलाई को उसके समक्ष पेश होने के आदेश दिए जाने के खिलाफ दाखिल एक याचिका पर तत्काल सुनवाई से बुधवार को इनकार कर दिया।.फिल्म ‘आदिपुरुष’ रिलीज के बाद से ही विवादों में घिर गई है और लोगों ने इसके संवाद तथा किरदारों आदि पर आपत्ति जताई है।.
श्रीहरिकोटा (आंध्रप्रदेश), 12 जुलाई (भाषा) भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) चार साल बाद एक बार फिर से शुक्रवार को पृथ्वी के इकलौते उपग्रह चांद पर चंद्रयान पहुंचाने के अपने तीसरे अभियान के लिए तैयार है।.इसरो का चांद पर यान को ‘‘सॉफ्ट लैंडिंग’’ कराने यानी सुरक्षित तरीके से यान उतारने का यह मिशन अगर सफल हो जाता है तो भारत उन चुनिंदा देशों की सूची में शामिल हो जाएगा, जो ऐसा कर पाने में सक्षम हुए हैं।.
दिल्ली उपभोक्ता मामलों के विभाग ने राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (नेफेड) और राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी महासंघ (एनसीसीएफ) को प्रमुख उपभोग केंद्रों में एक साथ वितरण के लिए, जहां खुदरा कीमतों में पिछले एक माह में अधिकतम वृद्धि दर्ज की गयी है, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र की मंडियों से तत्काल टमाटर खरीदने के निर्देश दिए हैं। टमाटर का स्टॉक इस सप्ताह शुक्रवार तक दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में उपभोक्ताओं को रियायती कीमतों पर खुदरा दुकानों के माध्यम से वितरित किया जाएगा।वर्तमान में गुजरात, मध्य-प्रदेश और कुछ अन्य राज्यों के बाजारों में टमाटर की आवक, ज्यादातर महाराष्ट्र, विशेषकर सतारा, नारायणगांव और नासिक से होती है, जो इस महीने के अंत तक रहने की उम्मीद है। आंध्र प्रदेश की मदनपल्ले (चित्तूर) से भी उचित मात्रा में आवक जारी है। दिल्ली एनसीआर में टमाटर की आवक मुख्य रूप से हिमाचल प्रदेश से होती है और कुछ मात्रा कर्नाटक के कोलार से आती है।नासिक ज़िले से जल्द ही नई फसल की आवक होने की उम्मीद है। इसके अलावा अगस्त में नारायणगांव और औरंगाबाद बेल्ट से अतिरिक्त आपूर्ति आने की उम्मीद है। मध्य-प्रदेश से भी आवक शुरू होने की उम्मीद है। परिणामस्वरूप निकट भविष्य में टमाटर की कीमतें कम होने की उम्मीद है।

