
अनुपपुर : सोमवार, मार्च 11, 2024, माननीय उच्च न्यायालय में विचाराधीन याचिका क्रमांक 10561/2019 नर्मदा मिशन विरूद्ध म.प्र. शासन व अन्य के अनुक्रम में मध्यप्रदेश शासन राजस्व विभाग मंत्रालय भोपाल के परिप्रेक्ष्य में कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों एवं विशेषज्ञों की समिति का गठन किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़, तहसीलदार पुष्पराजगढ़, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री तथा अनुविभागीय अधिकारी वन पुष्पराजगढ़ समिति के सदस्य बनाए गए हैं। नगर परिषद अमरकंटक के मुख्य नगरपालिका अधिकारी समिति के सचिव बनाए गए हैं। इस समिति द्वारा नर्मदा नदी के दोनो तटों पर 300 मीटर दूरी पर सर्वेक्षण की प्रक्रिया तथा कार्यवाही पूर्ण करते हुए समस्त अतिक्रमण, अवैध निर्माण को चिन्हांकित करने की कार्यवाही एक माह में संपादित करते हुए प्रतिवेदन प्रस्तुत की जाएगी।
भोपाल : सोमवार, मार्च 11 केंद्र सरकार द्वारा देश के एक करोड़ घरों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीएम सूर्य घर योजना प्रारंभ की गई है। लोगों को इस योजना का लाभ मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने देना शुरू कर दिया है। इस योजना के अंतर्गत एक किलोवॉट सोलर संयन्त्र लगाने पर 30 हजार रूपये, दो किलोवॉट सोलर संयन्त्र लगाने पर 60 हजार रुपए तथा तीन किलोवॉट या उससे ऊपर के सोलर संयन्त्र स्थापना पर 78 हजार रुपए की सब्सिडी केन्द्र सरकार द्वारा दी जा रही है। यह सब्सिडी पहले से ज्यादा है। इसके लिए देशभर के एक करोड़ उपभोक्ताओं को पीएम सूर्य घर योजना से जोड़ने का लक्ष्य केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित किया गया है।इसी क्रम में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी अपने क्षेत्रान्तर्गत आने वाले भोपाल, नर्मदापुरम्, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के 16 जिलों के बिजली उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने जा रही है। इस नई योजना में अब एक किलोवॉट पर 30 हजार, दो किलोवॉट पर 60 हजार एवं तीन या उससे अधिक के सोलर प्लांट पर 78 हजार रूपये तक की सब्सिडी मिलेगी।
गौरतलब है कि दिसम्बर-2023 की स्थिति में केन्द्र सरकार द्वारा प्रति किलोवॉट 14 हजार 588 रूपए की सब्सिडी दी जा रही थी जो कि जनवरी-24 में बढ़ाकर 18 हजार रुपए प्रति किलोवॉट कर दी गई थी। जिसे अब और बढ़ाकर दो किलोवाॅट तक 30 हजार रुपए प्रति किलोवाॅट कर दी गई है। इस तरह दिसंबर की तुलना में दिनांक 13 फरवरी 2024 के बाद लगने वाले दो किलोवाॅट तक के सौर्य संयन्त्र पर मिलने वाली सब्सिडी 36 हजार रुपए के स्थान पर अब उपभोक्ता को 60 हजार रुपए की सब्सिडी मिलेगी। पीएम सूर्य घर योजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली की सुलभता के साथ आर्थिक बचत करवाना शामिल है। मिलने वाली सरकारी सब्सिडी का लाभ देकर लोगों को प्रोत्साहित करना है। पीएम सूर्य घर योजना से जुड़ने पर पर्यावरण के हितों की रक्षा हो सकेगी। योजना में अधिक से अधिक लोग जुड़कर लाभ ले सकते हैं।
उमरिया 11 मार्च –
नवागत कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने उमरिया जिले में कार्य भार ग्रहण करने के पश्चात विभिन्न विभागो के जिला प्रमुख अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया । उन्होने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष 2023-24 समाप्त होने की ओर है ।इसको दृष्टिगत रखते हुए सभी विभाग प्रमुख अधिकारी विभागीय योजनाओं के वार्षिक लक्ष्य, उनकी पूर्ति तथा जिन योजनाओ के लक्ष्य प्राप्ति करने में समस्या आ रही हो उसकी जानकारी के साथ आगामी बैठक में आएं। इस अवसर पर अपर कलेक्टर शिवगोविंद सिंह मरकाम, एसडीएम टी आर नाग, कमलेश पुरी, डिप्टी कलेक्टर मीनांक्षी इंगले, हरनीत कौर कलसी, अंबिकेश प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागो के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

