
ट्रंप ने भ्रम से पर्दा हटाया, कहीं नजर नहीं आ रहे प्रधानमंत्री मोदी: राहुल
नयी दिल्ली: 7 अप्रैल (भाषा) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शेयर बाजार में भारी गिरावट की पृष्ठभूमि में सोमवार को दावा किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति के कारण आज हकीकत मुंह बाए खड़ी है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहीं नजर नहीं आ रहे हैं।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत को वास्तविकता स्वीकार करनी होगी और उत्पादन-आधारित अर्थव्यवस्था बनाने पर ध्यान देना होगा।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क बढ़ाकर उस समय लोगों के जले पर नमक छिड़का है जब शेयर बाज़ार में छोटे-बड़े निवेशकों के 19 लाख करोड़ रुपये एक झटके में स्वाहा हो गए।उन्होंने यह दावा भी किया कि अमेरिका की टैरिफ़ नीति पर सरकार की कुंभकर्णी नींद के कारण भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट आई है।
दंतेवाड़ा: (7 अप्रैल) पुलिस ने बताया कि छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सोमवार को कम से कम 26 नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया, जिनमें तीन इनामी नक्सली भी शामिल हैं। दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि नक्सलियों ने पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण किया। उन्होंने कहा कि नक्सलियों ने माओवादियों की “खोखली” और “अमानवीय” विचारधारा, कठोर वन जीवन और प्रतिबंधित संगठन के भीतर चल रही अंदरूनी कलह से मोहभंग होने का हवाला दिया। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली माओवादियों की जनमिलिशिया, क्रांतिकारी पार्टी समिति (आरपीसी) और जनताना सरकार शाखा तथा दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संगठन (डीएकेएमएस) और चेतना नाट्य मंडली जैसी उनकी अग्रिम इकाइयों से जुड़े थे।
PIB Delhiहाल के दिनों में मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि धोखेबाज लोग खुद को टीआरएआई अधिकारी बताकर उपभोक्ताओं को टेलीफोन कॉल या संदेश के माध्यम से अपना शिकार बना रहे हैं। वे उपभोक्ताओं को अवैध गतिविधियों में शामिल होने तथा पैसे ऐंठने के लिए मोबाइल कनेक्शन काटने की धमकी दे रहे हैं।इस संबंध में सूचित किया जाता है कि भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (टीआरएआई) संदेशों या अन्य माध्यमों से मोबाइल नंबर डिस्कनेक्ट करने के बारे में ग्राहकों से बातचीत शुरू नहीं करता है। उल्लेखनीय है कि टीआरएआई ऐसे उद्देश्यों के लिए ग्राहकों से संपर्क करने के लिए किसी तीसरे पक्ष की एजेंसी को भी नियुक्त नहीं करता। इसलिए टीआरएआई से होने का दावा करने वाले और मोबाइल नंबर डिस्कनेक्ट करने की धमकी देने वाले किसी भी प्रकार के संचार (कॉल, मैसेज या नोटिस) को संभावित धोखाधड़ी का प्रयास माना जाना चाहिए और इस पर विचार नहीं किया जाना चाहिए।बिलिंग, केवाईसी या किसी भी तरह के दुरुपयोग के कारण किसी भी मोबाइल नंबर का डिस्कनेक्शन संबंधित दूरसंचार सेवा प्रदाता (टीएसपी) द्वारा किया जाता है। लोगों को सतर्क रहने और संदिग्ध धोखेबाजों के झांसे में आने से घबराने की सलाह नहीं दी जाती है। उन्हें संबंधित टीएसपी के अधिकृत कॉल सेंटर या ग्राहक सेवा केंद्रों से संपर्क करके ऐसे कॉलों की पुष्टि करने की भी सलाह दी जाती है।साइबर अपराध और वित्तीय धोखाधड़ी के लिए दूरसंचार संसाधनों के दुरुपयोग को रोकने के लिए लोगों को दूरसंचार विभाग के संचार साथी प्लेटफॉर्म पर चक्षु सुविधा के माध्यम से संदिग्ध धोखाधड़ी वाले संचार की रिपोर्ट करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। साइबर अपराध होने के मामलों के लिए पीड़ितों को निर्दिष्ट साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर ‘1930’ पर के माध्यम से घटना की रिपोर्ट करनी चाहिए।

