
ईरान की सहायता करने के लिए तैयार हैं: रूस मास्को: 23 जून (भाषा) रूस विभिन्न तरीकों से ईरान की मदद करने के लिए तैयार है, जो तेहरान के अनुरोध पर निर्भर करेगा। यह बात क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने सोमवार को कही।पेस्कोव ने एक प्रेसवार्ता में एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘सब कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि ईरान को क्या चाहिए। हमने मध्यस्थता के अपने प्रयासों की पेशकश की है। ये पक्का है।’’
रायचूर (कर्नाटक): 23 जून (पीटीआई)
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विपक्ष को “तुच्छ” बताने का आरोप लगाया और पहलगाम आतंकी हमले के बाद बुलाई गई सर्वदलीय बैठकों से उनकी अनुपस्थिति की आलोचना की। खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति विपक्ष के प्रति उनके अल्प सम्मान को दर्शाती है।यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा कि देश कठिन दौर से गुजर रहा है।उन्होंने कहा, “हाल ही में पाकिस्तानी आतंकवादियों ने पहलगाम में 26 लोगों की हत्या कर दी। जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान के अंदर आतंकी ठिकानों पर हमले किए और आतंकवादियों को खत्म कर दिया।”उन्होंने आरोप लगाया कि जहां पूरा देश और सशस्त्र बल देश की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसका व्यक्तिगत श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि कांग्रेस पहलगाम आतंकी हमले पर सर्वदलीय बैठक की मांग करने वाली पहली पार्टी थी। “जब दो बार बैठकें बुलाई गईं, तो प्रधानमंत्री दोनों मौकों पर शामिल नहीं हुए। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि वे क्यों नहीं शामिल हुए।” उन्होंने कहा कि कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक के नेता बैठक में शामिल होने के लिए महत्वपूर्ण कार्यक्रम छोड़कर आए थे, फिर भी प्रधानमंत्री देश में होने के बावजूद इसमें शामिल नहीं हुए
खड़गे ने कहा, “इसके बजाय, वह बिहार चुनाव के लिए प्रचार में व्यस्त थे। इसका क्या मतलब है? जब देश और सैनिक एक तरफ लड़ रहे थे, तो प्रधानमंत्री ने हमें सर्वदलीय बैठक में आमंत्रित करने के बाद दूसरी तरफ प्रचार करना चुना। यह अनुचित है।” उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह का रवैया अच्छा नहीं है। खड़गे ने चेतावनी देते हुए कहा, “यदि आप विपक्ष को छोटा करने की कोशिश करेंगे, तो नेता, लोग और खासकर इस देश के युवा इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी की गारंटी पूरे देश में प्रभावी ढंग से लागू की जा रही है। उन्होंने कहा, “कुछ ईर्ष्यालु नेता और राजनीतिक दल हमारी गारंटी को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन वे अपने प्रयासों में सफल नहीं होंगे।” खड़गे ने कहा कि महिलाओं और अन्य नागरिकों को सीधे लाभ पहुंचाने वाली कल्याणकारी पहलों की आलोचना और बदनामी लोगों को प्रभावित नहीं करेगी।
प्रधानमंत्री ने 11 वर्षों में खनन क्षेत्र में सुधारवादी बदलाव पर एक लेख साझा किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज एक लेख साझा किया जिसमें पिछले ग्यारह वर्षों में खनन क्षेत्र में महत्वपूर्ण सुधारों का उल्लेख कर बताया गया है कि कैसे परिवर्तनकारी बदलाव से भारत में यह क्षेत्र सहकारी संघवाद और पारदर्शी शासन के प्रतीक के रूप में स्थापित हुआ है।केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी द्वारा सोशल मीडिया एक्स पर जारी पोस्ट पर प्रतिक्रिया में प्रधानमंत्री ने कहा:“केंद्रीय मंत्री @kishanreddybjp ने लिखा है कि पिछले 11 वर्षों में किए गए सुधारों ने सहकारी संघवाद को खनन क्षेत्र की पहचान बना दी है, केंद्र-राज्य सहयोग को मजबूत किया है और समग्र शासन को बेहतर बनाया है।”23 JUN 2025 PIB Delhi.
“जल गंगा संवर्धन अभियान” का समापन
हर जिले में होंगे 24 से 30 जून तक विशेष आयोजनभोपाल : सोमवार, जून 23, 2025, प्रदेश में जल संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के लिये शुरू किया गया “जल गंगा संवर्धन अभियान” का 30 जून 2025 को समापन होगा। उल्लेखनीय है कि अभियान 30 मार्च से पूरे प्रदेश में शासन और समाज के सहयोग से चलाया गया था। सभी जिलों में 24 से 30 जून तक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में समापन के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा इस संबंध में सभी कलेक्टर्स एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं।

