
ट्रंप ने 25 बार किया युद्ध रुकवाने का दावा और प्रधानमंत्री चुप; दाल में कुछ काला है: राहुल
नयी दिल्ली: 23 जुलाई (भाषा)
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा मध्यस्थता संबंधी दावा फिर से किए जाने के बाद बुधवार को कहा कि ट्रंप ने ‘‘ऑपरेशन सिंदूर रुकवाने’’ की बात 25 बार की है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कोई बयान नहीं दे रहे, जिससे स्पष्ट है कि ‘‘दाल में कुछ काला है।’’राहुल ने यह आरोप भी लगाया कि मोदी सरकार ने विदेश नीति की धज्जियां उड़ा दी हैं और पाकिस्तान के साथ सैन्य संघर्ष के दौरान किसी देश ने भारत का समर्थन नहीं किया।
गरीबों को लूटकर अमीरों को लुटाना सरकार का मूल मंत्र: खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कारपोरेट समूहों के ऋण बट्टे खाते में डाले जाने की खबर को लेकर बुधवार को आरोप लगाया कि ग़रीब जनता को लूट कर, अमीरों पर लुटाना मोदी सरकार की आर्थिक नीति का मूल मंत्र है।उन्होंने जिस खबर का हवाला दिया उसमें कहा गया है कि पिछले नौ वर्षों में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने 12 लाख करोड़ रुपये के ऋण बट्टे खाते में डाले।
बिरला ने नारेबाजी कर रहे विपक्षी सांसदों से कहा: आप सड़कों का आचरण संसद में कर रहे हैं
नयी दिल्ली: 23 जुलाई (भाषा)
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में तख्तियां लेकर प्रदर्शन करने वाले सांसदों पर निर्णायक कार्रवाई की चेतावनी देते हुए बुधवार को नारेबाजी कर रहे विपक्षी सदस्यों से कहा कि वे सड़कों का आचरण संसद के भीतर कर रहे हैं, जबकि वो ‘माननीय’ हैं और उनका व्यवहार ‘माननीय’ जैसा ही होना चाहिए।ससद के मानसून सत्र के तीसरे दिन निचले सदन की कार्यवाही आरंभ होते ही विपक्षी दलों के सदस्य पहले दो दिन की तरह ही हंगामा करने लगे। विपक्षी सांसदों ने आसन के निकट पहुंचकर नारेबाजी की और तख्तियां लहराईं, जिन पर एसआईआर विरोधी नारे लिखे हुए थे।उन्होंने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की कवायद, पहलगाम आतंकी हमले, ऑपरेशन सिंदूर को रोकने और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मध्यस्थता संबंधी दावों समेत कुछ विषयों पर चर्चा की मांग करते हुए हंगामा किया।उन्होंने विपक्षी सदस्यों से कहा, ‘‘संसद लोकतंत्र की सर्वोच्च संस्था है। देश यह देख रहा है। आप जिन राजनीतिक दलों से हैं, उनके नेताओं से भी कहना चाहता हूं कि देश उनके सदस्यों के आचरण और कार्यपद्धति को देख रहा है।’’बिरला ने यह चेतावनी भी दी, ‘‘मुझे सदन में तख्तियां लेकर आने वाले सांसदों पर निर्णायक कार्रवाई करनी पड़ेगी।’’हंगामा नहीं थमने पर उन्होंने करीब 11 बजकर 10 मिनट पर सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
धनखड़ ने इस्तीफे की घोषणा से पहले राष्ट्रपति भवन का ‘अनिर्धारित दौरा’ किया नई दिल्ली: (23 जुलाई) आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अपने अचानक इस्तीफे से पहले, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार देर शाम राष्ट्रपति भवन का “अनिर्धारित दौरा” किया।धनखड़ ने सोमवार रात करीब 9 बजे राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने बताया कि आधे घंटे बाद, उन्होंने अपना इस्तीफा 11 दिसंबर को सार्वजनिक कर दिया।राज्यसभा के पदेन सभापति धनखड़ ने संसद के मानसून सत्र के पहले दिन इस्तीफा दिया।
पेसा एक्ट के बेहतर क्रियान्वयन के लिए त्रि-पक्षीय अनुबंध 24 जुलाई को
भोपाल : बुधवार,
जुलाई 23, 2025,पेसा एक्ट के मध्यप्रदेश में बेहतर क्रियान्वयन के लिए त्रि-पक्षीय अनुबंध होगा। अनुबंध सचिव पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार, प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं इंदिरा गांधी नेशनल ट्राइबल यूनिवर्सिटी अमरकंटक के बीच होगा। कार्यक्रम मध्यप्रदेश जल एवं भूमि प्रबंध संस्थान वाल्मी भोपाल में 24 जुलाई को शाम 4 बजे से होगा।कार्यक्रम में पेसा एक्ट पर बनी पुस्तिका का विमोचन भी किया जाएगा। इस दौरान देशभर से आए पेसा एक्ट पैनलिस्ट, विशेषज्ञों के बीच चर्चा होगी। प्रदेश में पेसा एक्ट के बेहतर क्रियान्वयन, उपनियमों को लागू करना, जनजातीय समुदाय को प्रशिक्षण देना, जनजातीय समुदाय की परंपराओं की रक्षा, नए शोध, जनजातीय कलाओं को सुरक्षित रखे जाने और जनजातीय समुदाय के बीच हो रहे बेहतर कार्यों का प्रचार-प्रसार पर विचार-विमर्श होगा।कार्यक्रम में भारत सरकार के सचिव पंचायती राज मंत्रालय विवेक भारद्वाज, प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्रीमती दीपाली रस्तोगी एवं संचालक सह आयुक्त पंचायत राज संचालनालय श्री छोटे सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

