
राहुल गांधी के डोकलाम में चीनी सेना के टैंक होने का उल्लेख करते ही सदन में हंगामा नई दिल्ली,
समाचार एजेंसी ईएमएस के अनुसारराष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर लोकसभा में हो रही चर्चा के दौरान नेता विपक्ष राहुल गांधी ने जब पूर्व सेना प्रमुख मनोज नरवणे का जिक्र करते हुए डोकलाम में चीनी सेना के टैंक की उपस्थिति का उल्लेख किया तो सदन में हंगामा मच गया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी राहुल के बयान पर आपत्ति जताई। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष इसका उल्लेख नहीं कर सकते हैं। सदन में इस पर हंगामा चलता रहा। स्पीकर ने कई बार राहुल गांधी को नियम 349 का हवाला देते हुए जनरल नरवणे की अप्रकाशित किताब का हवाला नहीं देने की हिदायत दी लेकिन राहुल गांधी बार-बार उसका जिक्र करते रहे। इस दौरान बवाल इतना बढ़ा कि राहुल गांधी ने स्पीकर ओम बिरला से कहा कि तो फिर आप ही बता दीजिए कि मुझे क्या कहना है। इस पर स्पीकर ने उन्हें नसीहत देते हुए कहा कि मैं आपका सलाहकार नहीं हूं, लेकिन आपको उसी मुद्दे पर बात करनी चाहिए, जिस पर यहां चर्चा हो रही है। राहुल गांधी ने सवाल किया कि आखिर कौन सा नियम हमें भारत और चीन के संबंधों पर बात करने से रोकता है। इस पर स्पीकर ने कहा कि आप ऐसी पुस्तक का जिक्र कर रहे हैं, जो रक्षा मंत्री के मुताबिक प्रकाशित ही नहीं हुई है। इसके अलावा आप जिस मुद्दे की बात कर रहे हैं, उसका यहां चल रहे विषय से कोई संबंध ही नहीं है। राहुल गांधी फिर भी उसी बात पर अड़े रहे और स्पीकर से कहा कि आप यह कहना चाहते हैं कि राष्ट्रपति के अभिभाषण का विदेश नीति से कोई लेना-देना ही नहीं है। स्पीकर ने इस पर जवाब दिया कि आप विषय पर बात करें।
बारामती विमान हादसे पर संजय राउत व अनिल देशमुख ने उठाए सवाल
मुंबई,समाचार एजेंसी ईएमएस के अनुसार शिवसेना (यूबीटी) के नेता व सांसद संजय राउत ने अजित पवार की मौत को लेकर सवाल उठाए हैं। बजट सत्र में हिस्सा लेने दिल्ली पहुंचे राउत ने कहा कि अजित दादा के विमान क्रैश पर सवाल उठना लाजमी हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना उन्हें जस्टिस लोया केस की याद दिलाती है। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में कुछ तो गड़बड़ है और इसकी ठीक से जांच होनी चाहिए। इसी तरह के सवाल राज्य के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने भी उठाए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक देशमुख ने कहा कि मौसम एकदम साफ था, दृश्यता अच्छी थी फिर अचानक विमान टिल्ट कैसे हो गया। इस घटना की ठीक से जांच होनी चाहिए। संजय राउत ने कहा कि अजित पवार की मौत सामान्य नहीं बल्कि संदिग्ध है। बीजपी के लोग उन्हें सिंचाई घोटाले की फाइल से धमका रहे थे। वहीं वह घर वापसी की तैयारी कर रहे थे। एनसीपी के विलय की तारीख तय हो गई थी। इसी बीच इतनी बड़ी घटना हो जाती है। वहीं अनिल देशमुख ने कहा कि विमान दुर्घटना की वजह बताई गई कि विजिबिलिटी कम थी, लेकिन जो वीडियो लिए गए, वे इतनी दूर से लिए जाने के बाद भी एकदम साफ थे। विमान जाते-जाते लैंड होने से पहले अचानक कैसे झुक गया और क्रैश हो गया। बहुत सारे लोगों को शंका है कि इस तरह कैसे विमान क्रैश हो गया।
11 जनवरी को सुबह लोगों ने एक ही स्थान पर 150 से ज्यादा मृत कौओं को देखा था भागलपुर,। बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल परिसर में बड़ी संख्या में मृत मिले कौओं में बर्ड फ्लू वायरस की पुष्टि होने के बाद हड़कंप मच गया। जांच रिपोर्ट के सामने आते ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है और प्रभावित क्षेत्र में एहतियाती कदम उठाए गए हैं। जानकारी के मुताबिक 11 जनवरी की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने एक ही स्थान पर पेड़ के नीचे 150 से ज्यादा मृत कौओं को देखा था। कई कौए तड़पती अवस्था में भी पाए गए थे, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी मृत पक्षियों को वहां हटाया गया।
गोरखपुर,
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित चंपा देवी पार्क में आयोजित रामकथा उस समय विवादों और हंगामे के केंद्र में आ गई, जब प्रख्यात कथावाचक राजन जी महाराज व्यास पीठ से अचानक आवेश में आ गए। सोमवार को कथा के दौरान मचे हड़कंप के बीच महाराज ने सार्वजनिक मंच से ललकारते हुए कहा, मेरे टीम मेंबर को गोली मारने की धमकी दी गई है। मैं भी कहता हूं, किसने मां का दूध पिया है, गोली मार कर दिखाओ! कथावाचक के इस कड़े तेवर और भावुक संबोधन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब कथा के दौरान कुछ लोग बार-बार मंच पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जब आयोजन टीम के सदस्यों ने लोगों को मंच पर आने से रोका, तो बहस शुरू हो गई।

