
रामनवमी पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति समेत कई नेताओं ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं
नई दिल्ली,(ईएमएस)।
मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन समेत कई नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के जीवन से त्याग, समरसता और आदर्श जीवन-मूल्यों का अनमोल संदेश मिलता है। राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर लिखा- सभी देशवासियों को रामनवमी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। यह त्योहार हमें न्याय, कर्तव्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। आइए, उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए हम रामराज्य की परिकल्पना के अनुरूप, एक समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण के लिए मिलजुल कर कार्य करें।
मुंबई (ईएमएस)। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया बुधवार को 8 पैसे की गिरावट के साथ ही 93.84 पर बंद हुआ। रुपया आज सुबह शुरुआती कारोबार में 18 पैसे टूटकर 93.94 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
हादसा- 13 लोग जिंदा जल गए
मृतकों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे
मार्कपुर,(ईएमएस)। आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसे में कम से कम 13 लोग जिंदा जल गए। यह हादसा हैदराबाद से पामुर जा रही निजी ट्रैवल बस की टिपर लॉरी से टकराने की वजह से हुआ। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक टक्कर के कारण भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में बस को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे यात्री अंदर फंस गए। वाहन पूरी तरह से जलकर खाक हो गया। बचाव दल और स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि मृतकों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पेट्रोल और डीजल: कोई कमी नहीं, “राष्ट्रीय ऊर्जा आपातकाल”की आवश्यकता नहीं
भारत ऊर्जा सुरक्षा का अगुआ है। भारत विश्व का चौथा सबसे बड़ा पेट्रोलियम शोधक और पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक है, जो 150 से अधिक देशों को परिष्कृत ईंधन की आपूर्ति करता है। विश्व का शुद्ध निर्यातक होने के कारण भारत में घरेलू पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता संरचनात्मक रूप से सुनिश्चित है। देश भर में एक लाख से अधिक खुदरा ईंधन दुकानें खुली हैं और बिना किसी रुकावट के ईंधन की आपूर्ति कर रही हैं। कुछ ही देशों ने “राष्ट्रीय ऊर्जा आपातकाल” घोषित किया है। भारत में ऐसे किसी भी उपाय की आवश्यकता नहीं है। जहां अन्य देश सीमित आपूर्ति कर रहे हैं, वहीं भारत में आपूर्ति की कोई कमी नहीं है। कुछ चुनिंदा पंपों पर छिटपुट रूप से घबराहट में खरीदारी की गई है, वे सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो द्वारा फैलाई गई जानबूझकर गलत सूचना के कारण हुईं। ऐसेयह सुनिश्चित करने के लिए तेल कंपनियों द्वारा पेट्रोल पंपों को दी जाने वाली क्रेडिट अवधि को पहले की एक दिन की अनुमति से बढ़ाकर 3 दिन से अधिक करने के लिए भी कदम उठाए गए हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोलियम और एलपीजी की आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित और नियंत्रण में है। सभी खुदरा ईंधन दुकानों में पर्याप्त आपूर्ति है। देश में कहीं भी पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कमी नहीं है। मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे जानबूझकर फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं के सुनियोजित अभियान से गुमराह न हों, इसका उद्देश्य अनावश्यक दहशत फैलाना है।PIB Delhi

