
शहडोल : डर ने तीनों की जान ली… 1.5 क्विंटल गांजा लेकर जा रहा ट्रक पलटा, एक की मौके पर मौत, दो कुएं में गिरकर मरे
शहडोल, रात जैतपुर मार्ग पर एक रोचक लेकिन दर्दनाक घटना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। एक ट्रक करीब डेढ़ क्विंटल गांजा लेकर जैतपुर मार्ग पर था। पुलिस की 112 गाड़ी रूटीन चेकिंग के दौरान उसके पीछे थी, लेकिन ड्राइवर को लगा कि पुलिस उसे पकड़ने आई है। भय के साए में ट्रक तेज रफ्तार से भागा और अनियंत्रित होकर पलट गया।
ट्रक में तीन व्यक्ति सवार थे। दुर्घटना के बाद अंधेरे का फायदा उठाते हुए दो व्यक्ति भाग निकले, लेकिन अंधेरे में दिशा भटककर वे एक कुएं में गिर पड़े। तीसरा व्यक्ति ट्रक के पलटने की चपेट में आकर मौके पर ही जान गंवा बैठा। पुलिस ने पहुंचकर घटनास्थल की जांच की। एक व्यक्ति की मौत और ट्रक में भारी मात्रा में गांजा बरामद होने पर प्रारंभिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
अगली सुबह जब घटनास्थल के आसपास कुएं में दो और लाशें मिलीं, तब सच्चाई सामने आई। दोनों व्यक्ति भी उसी गांजा तस्करी के मामले में शामिल थे। मृतकों में शहडोल नगर से इसमें करीब 1.5 क्विंटल गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि पुलिस की 112 गाड़ी मात्र रूटीन पेट्रोलिंग पर थी, लेकिन ड्राइवर के मन में भय ने पूरे मामले को ट्रेजेडी में बदल दिया।
स्थानीय स्तर पर इस घटना को “चोर का दिल” वाली कहावत से जोड़कर देखा जा रहा है। लोग कह रहे हैं कि अगर वे शांत रहते तो शायद सिर्फ गिरफ्तारी होती, लेकिन डर ने तीनों की जान ले ली।पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। मृतकों की शिनाख्त और तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है। इस घटना ने शहडोल सहित आसपास के इलाकों में नशीले पदार्थों की तस्करी को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।

