
नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले शुरुआती कारोबार में 23 पैसे बढ़कर 94.95 पर पहुंच गया।
पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक जीत पर ट्रंप ने दी पीएम मोदी को बधाई
नई दिल्ली,(ईएमएस)।
पश्चिम बंगाल के सियासी अखाड़े में इस बार ऐसा उलटफेर हुआ है जिसकी गूंज सात समंदर पार अमेरिका तक जा पहुंची। बंगाल में पहली बार बीजेपी की प्रचंड जीत और ममता बनर्जी के ‘किले’ के ढहने पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को खास अंदाज में बधाई दी। ट्रंप ने इस जीत को ‘ऐतिहासिक और निर्णायक’ बताया है। बंगाल चुनाव के नतीजों ने न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया को चौंका दिया है, क्योंकि जिस राज्य में दशकों तक टीएमसी और वामपंथियों का बोलबाला था, वहां अब बीजेपी का परचम लहरा रहा है। मीडिया रिपोर्ट में व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कुश देसाई के मुताबिक ट्रंप ने पीएम मोदी को इस धमाकेदार जीत के लिए खुद मैसेज भेजकर बधाई दी है। इतना ही नहीं, ट्रंप ने तो यहां तक कह दिया कि भारत खुशकिस्मत है जिसे मोदी जैसे पीएम मिले हैं।
इस्तीफा से इनकार, भाजपा और आयोग की ‘धांधली’ का प्रतिकार : सागरिका घोष
नयी दिल्ली: छह मई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा में उपनेता सागरिका घोष ने बुधवार को निर्वाचन आयोग पर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में ‘‘धांधली’’ का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी अध्यक्ष ममता बनर्जी का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार इस कृत्य के खिलाफ प्रतिकार का प्रतीक है।घोष की यह टिप्पणी ममता बनर्जी द्वारा मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार करने के एक दिन बाद आई है। तृणमूल सुप्रीमो ने आरोप लगाया था कि चुनाव परिणाम ‘जनता का जनादेश नहीं बल्कि एक साजिश’ है।
न्यायालय के कोलेजियम ने दी 10 अधिवक्ताओं को न्यायाधीशों के रूप में नियुक्त किए जाने को मंजूरी
नयी दिल्ली: छह मई (भाषा) उच्चतम न्यायालय के कोलेजियम ने 10 अधिवक्ताओं को पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों के रूप में नियुक्त किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाले कोलेजियम ने चार मई को आयोजित एक बैठक में अधिवक्ताओं मोनिका छिब्बर शर्मा, हरमीत सिंह देओल, पूजा चोपड़ा, सुनीश बिंदलिश, नवदीप सिंह, दिव्या शर्मा, रविंदर मलिक, प्रविन्द्र सिंह चौहान, राजेश गौर और मिंदरजीत यादव को न्यायाधीशों के रूप में नियुक्त किए जाने को मंजूरी दी।
विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को कांग्रेस ने समर्थन देने का फैसला
चेन्नई,(ईएमएस)।
तमिलनाडु के विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को कांग्रेस ने समर्थन देने का फैसला किया है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने एक वर्चुअल मीटिंग के दौरान टीवीके को समर्थन देने का प्रस्ताव पास किया है और जल्द ही इसका आधिकारिक पत्र जारी किया जा सकता है। यह घटनाक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि कांग्रेस ने 2021 और 2026 का चुनाव द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (डीएमके) के साथ गठबंधन में लड़ा था, लेकिन अब वह विजय के साथ सरकार बनाने की ओर कदम बढ़ा रही है। चर्चा है कि कांग्रेस इसके बदले कैबिनेट में दो मंत्री पद और कुछ सरकारी बोर्डों के अध्यक्ष पद की मांग कर सकती है। राज्य की 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों की आवश्यकता है, जबकि टीवीके को 108 सीटें हासिल हुई हैं। कांग्रेस के पांच निर्वाचित विधायकों का समर्थन मिलने के बाद विजय के पास कुल 113 विधायकों का साथ हो जाएगा। हालांकि, बहुमत के जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए उन्हें अभी भी 5 और विधायकों की जरूरत है। बताया जा रहा है कि टीवीके नेतृत्व वीसीके, लेफ्ट और अन्य छोटे दलों के संपर्क में है ताकि सरकार गठन में कोई बाधा न आए। विजय बुधवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं और संभवतः 7 मई को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं।
जिला खनिज संस्थान न्यास, कोरबा ने समर्पित टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1750 की शुरुआत
कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत की पहल पर कार्यालय जिला खनिज संस्थान न्यास, कोरबा ने आम नागरिकों तक अपनी सेवाओं को और अधिक सुगम, पारदर्शी और त्वरित बनाने के उद्देश्य से एक समर्पित टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1750 की शुरुआत की है। यह कदम प्रशासन और नागरिकों के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ ‘डिजिटल इंडिया’ के प्रयासों को गति देने वाला महत्वपूर्ण निर्णय है। नई हेल्पलाइन सेवा का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नागरिक अपनी शिकायत, पूछताछ या किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए कार्यालय के चक्कर न लगाएँ। अब हर व्यक्ति अपने घर या कार्यस्थल से ही निःशुल्क कॉल कर सकता है, जिससे उन्हें समय और धन दोनों की बचत होगी। टोल-फ्री नंबर पर कॉल करना पूरी तरह निःशुल्क है, इसलिए किसी भी वर्ग के नागरिक को कॉल खर्च का कोई बोझ नहीं पड़ेगा। उल्लेखनीय हैं की हेल्पलाइन सेवाएँ कार्यालयीन समय पर उपलब्ध रहेंगी। कॉल के माध्यम से सामान्य प्रश्नों के उत्तर दिए जाएंगे और जिला खनिज संस्थान न्यास कोरबा द्वारा संचालित कार्यों की गुणवत्ता संबंधी शिकायतें भी तुरंत दर्ज की जाएँगी। शिकायत प्राप्त होने के बाद उसकी रिकॉर्डिंग और ट्रैकिंग की जाएगी, जिससे समस्या का समाधान निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित हो सके।

