
मुंबई (ईएमएस)। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 43 पैसे की गिरावट के साथ ही 95.71 के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ। इससे पले आज सुबह रुपया 35 पैसे टूटकर 95.63 पर पहुंच गया। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव एवं समझौते की उम्मीदें धूमिल होने से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण घरेलू मुद्रा पर दबाव बढ़ा है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.57 पर खुला और फिर टूटकर सर्वकालिक निचले स्तर 95.63 पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 35 पैसे की गिरावट दिखाता है। रुपया सोमवार को 79 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपने रिकॉर्ड निचले स्तर 95.28 पर बंद हुआ था।
पूजा स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों 500 मीटर के दायरे शराब दुकान बंद
चैन्नई,(ईएमएस)।
तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेते ही सी जोसेफ विजय पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। पदभार संभालते ही उन्होंने एक दूरगामी और कड़ा फैसला लेते हुए राज्य में शराब की बिक्री पर नकेल कसने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने आदेश जारी किया है कि राज्य में पूजा स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों (स्कूलों) और बस अड्डों के आसपास 500 मीटर के दायरे में आने वाली सभी सरकारी शराब की दुकानें तत्काल प्रभाव से बंद कर दी जाएं। इस सख्त आदेश को लागू करने के लिए प्रशासन को महज दो सप्ताह का समय दिया गया है। मुख्यमंत्री विजय की यह सक्रियता शपथ ग्रहण समारोह के मंच पर ही दिखने लगी थी, जहाँ उन्होंने अपने चुनावी वादों को अमलीजामा पहनाने के लिए तीन महत्वपूर्ण फाइलों पर हस्ताक्षर किए। उनके पहले फैसलों में आम जनता को राहत देते हुए 200 यूनिट मुफ्त बिजली प्रदान करने का आदेश शामिल है। इसके अलावा, महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने एक स्पेशल टास्क फोर्स के गठन को मंजूरी दी है। तीसरा महत्वपूर्ण फैसला नशे की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए हर जिले में एक विशेष बल तैनात करने का है, जिससे राज्य के युवाओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके। सोमवार को तमिलनाडु विधानसभा में शपथ ग्रहण का नजारा भी बेहद दिलचस्प रहा।
सभी उपाय मध्यम वर्ग पर ही क्यों और प्रधानमंत्री, मंत्री, अधिकारी और देश के अति-अमीर लोगों को खुद ये त्याग क्यों नहीं लोगों को अर्थव्यवस्था की हालत पता होनी चाहिए: केजरीवाल
नई दिल्ली: (12 मई) AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन खर्च में कटौती के उपायों पर सवाल पूछा, जिनका पालन करने के लिए उन्होंने लोगों से कहा है, और कहा कि उन्हें लोगों को देश की अर्थव्यवस्था की हालत के बारे में बताना चाहिए।एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि देश पहले भी संकटों से गुज़रा है, जिसमें युद्ध भी शामिल हैं, लेकिन मोदी से पहले किसी भी प्रधानमंत्री ने सात सबसे सख़्त उपायों की घोषणा नहीं की थी और लोगों से उनका पालन करने का अनुरोध नहीं किया था।उन्होंने यह भी कहा कि मोदी द्वारा सुझाए गए खर्च में कटौती के उपायों के पीछे का साफ़ कारण अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा युद्ध था, लेकिन “देश की गिरती अर्थव्यवस्था के पीछे कोई और कारण भी हो सकता है”।दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी सवाल उठाया कि खर्च में कटौती के सभी उपाय मध्यम वर्ग पर ही क्यों केंद्रित थे, और प्रधानमंत्री, मंत्री, अधिकारी और देश के अति-अमीर लोगों को खुद ये त्याग क्यों नहीं करने चाहिए।
ईंधन-खपतअपील के बाद महापौर ने अधिकारियों को एक वाहन वापस करने का निर्देश दिया
लखनऊ: 12 मई (भाषा) ईंधन की खपत कम करने और संसाधन बचाने को बढ़ावा देने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के बाद लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने मंगलवार को नगर निगम के अधिकारियों को अतिरिक्त सरकारी वाहन वापस करने का निर्देश दिया और ईंधन के अनावश्यक उपयोग को कम करने के लिए कर्मचारियों को घर से दोपहर का भोजन लेकर आने की सलाह दी। पश्चिम एशिया संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील के बाद, दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने मंगलवार को दिल्ली मेट्रो से यात्रा की और बाद में पूर्वी दिल्ली में एक स्कूल का दौरा करने के लिए ई-रिक्शा लिया।सूद को अपनी मेट्रो यात्रा के दौरान यात्रियों से बातचीत करते हुए और बाद में यातायात में फंसने पर ई-रिक्शा पर सवार होते देखा गया।
जितनी बड़ी चोरी, उतना बड़ा इनाम-राहुल
नई दिल्ली,(ईएमएस)।
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल में मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार अग्रवाल को राज्य का मुख्य सचिव नियुक्त करने पर भाजपा की सुवेंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने नियुक्ति को भाजपा और चुनाव आयोग के चोर बाजार का हिस्सा बताया, जहाँ जितनी बड़ी चोरी, उतना बड़ा इनाम मिलता है।
नेशनल एंट्रेंस कम एलिजिबिलिटी टेस्ट (नीट) यूजी 2026 का पेपर लीक होने के बाद रद्द कर दिया गया है। लेकिन बच्चों के भविष्य के साथ इस तरह के खिलवाड़ के बाद देशभर में बवाल मच गया है। नीट 2026 की परीक्षा रद्द होने पर राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला कर भ्रष्ट भाजपा व्यवस्था का नतीजा बताया है। एसओजी इस घटनाक्रम को पेपर लीक नहीं मान रही है, लेकिन यह बात मान रही है वायरल गेस पेपर से 120 सवाल हूबहू मुख्य परीक्षा में आए थे। विरोध के बाद इसकी जांच का जिम्मा सीबीआई को दे दिया गया है। वहीं विपक्षी पार्टी केंद्र सरकार पर निशाना साध रही हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा, “नीट 2026 की परीक्षा रद्द हुई, 22 लाख से अधिक छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को इस भ्रष्ट भाजपा व्यवस्था ने कुचल दिया। किसी पिता ने कर्ज लिया, किसी मां ने गहने बेचे, लाखों बच्चों ने रात-रात भर जागकर पढ़ाई की और बदले में मिला पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा में संगठित भ्रष्टाचार आपके सामने है। राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक को युवाओं के भविष्य के साथ अपराध बताया है। उन्होंने लिखा, “यह सिर्फ नाकामी नहीं, युवाओं के भविष्य के साथ अपराध है। हर बार पेपर माफिया बच जाता हैं और ईमानदार छात्र सजा भुगतते हैं। अब लाखों छात्र फिर से वहीं मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और अनिश्चितता झेलनी होगी। प्रधानमंत्री का तथाकथित अमृतकाल, देश के लिए विषकाल बन गया है।

