
रुपया 32 पैसे टूटकर 96.52 प्रति डॉलर के नए निचले स्तर पर, कारोबार के दौरान 96.60 तक गया
मुंबई: 19 मई (भाषा) रुपया मंगलवार को कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 96.60 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक टूटने के बाद अंत में 96.52 (अस्थायी) पर बंद हुआ। यह इसका सबसे निचला बंद स्तर है। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और वैश्विक जोखिम से बचाव की प्रवृत्ति, मजबूत डॉलर से घरेलू मुद्रा पर दबाव है।रुपया 2026 में एशिया की सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाली मुद्रा बन गया है।
अमेरिका में अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी और उनके भतीजे सागर अडाणी के खिलाफ सभी आपराधिक आरोपों को स्थाई रूप से वापस ले लिया
नई दिल्ली 18 मई (ब्यूरो) । अमेरिकी न्याय विभाग ने अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी और उनके भतीजे सागर अडाणी के खिलाफ सभी आपराधिक आरोपों को स्थाई रूप से वापस ले लिया है,जिससे न्यूयार्क में चल रहा बहुचर्चित प्रतिभूति एवं धोखाधड़ी मामला पूरी तरह खत्म हो गया है। अमेरिकी अभियोजकों ने कहा कि वे अब इन आरोपों को आगे बढ़ाने में सक्षम नहीं हैं। इसके साथ ही अमेरिका में चल रहे अडाणी समूह से संबंधित सभी मामले पिछले कुछ दिनों में बंद किए जा चुके हैं। अमेरिकी अभियोजकों ने ईस्टर्न न्यूयार्क की अदालत में कहा कि उन्होंने इस मामले की समीक्षा के बाद अपने अभियोजन विवेक के तहत निर्णय लिया है कि वे इन आपराधिक आरोपों पर आगे संसाधन नहीं लगाएंगे। बाद अदालत ने भी आदेश दिया कि आरोपों को स्थाई रूप से खारिज किया जाए।
इसका मतलब है कि यह मामला दोबारा नहीं खोला जा सकता है। अमेरिकी अदालत का यह फैसला ऐसे समय आया है जब पिछले कुछ दिनों में अडाणी समूह से जुड़े कई अमेरिकी नियामकीय और कानूनी मामले बंद किए जा चुके हैं। पिछले सप्ताह अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (एसईसी) ने सौर ऊर्जा परियोजनाओं से जुड़े निवेशक खुलासों के मामले में सिविल आरोपों का निपटारा किया था। इस मामले में बिना किसी गलती को स्वीकार या अस्वीकार किए गौतम अडाणी ने 60 लाख डालर और सागर अडाणी ने 120 लाख डालर का भुगतान करने पर सहमति जताई थी। इसके बाद अमेरिकी वित्त विभाग के विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय ओएफएसी) ने भी ईरान से जुड़े प्रतिबंधों केउल्लंघन मामले में अडाणी समूह के साथ 27-5 करोड़ डालर के समझौते की घोषणा की ईरानी एलपीजी के आयात के मामले में समझौता जांच में विस्तृत सहयोग और स्वैच्छिक खुलासे के आधार पर हुआ है।
अब अमेरिकी न्याय विभाग ने भी अडाणी और उनके भतीजे पर लगे आपराधिक आरोपों को समाप्त कर दिया है। इस तरह यह पूरा मामला औपचारिक रूप से बंद हो गया है। अमेरिकी अदालत में दाखिल दस्तावेज के अनुसार अभियोजन पक्ष ने कहा कि समीक्षा के बाद आरोपों को जारी रखने का कोई आधार नहीं पाया गया। अमेरिकी अदालत ने मामले को खारिज करने के साथ स्थायी रूप से बंद करने का आदेश दिया।sa(sabhar jansatta)
क्या प्रधानमंत्री के अनुरोध पर नॉर्वे पेंशन कोष की काली सूची से अदाणी को हटाने पर सहमत हुआ: राहुल
नयी दिल्ली: 19 मई (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि क्या नॉर्वे ने उनके ‘‘व्यक्तिगत अनुरोध’’ पर अपने पेंशन फंड की काली सूची से अदाणी समूह का नाम हटाने पर सहमति जताई।अदाणी समूह की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
न्यायालय ने आवारा कुत्तों को ‘‘जान से मारने’’ की अनुमति दी
नयी दिल्ली: 19 मई (भाषा) उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को एक महत्वपूर्ण फैसले में मानव जीवन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेबीज से संक्रमित, लाइलाज बीमारी से ग्रस्त या खतरनाक आवारा कुत्तों को ‘‘जान से मारने’’ (यूथेनेशिया) की अनुमति दे दी।न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति संदीप मेहता और न्यायमूर्ति एन. वी. अंजारिया की पीठ ने देश में आवारा कुत्तों की बढ़ती आबादी से निपटने के लिए कई निर्देश जारी किए।
खजुराहो में सबसे अधिक 46.8 डिग्री तापमान दर्ज
भोपाल-इंदौर समेत कई शहर लू की चपेट में भोपाल (ईएमएस)। मध्य प्रदेश में गर्मी अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। मई शुरू होते ही प्रदेश भीषण हीटवेव की चपेट में आ गया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट में कई शहरों का तापमान 45 डिग्री के पार दर्ज किया गया, जबकि खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। लगातार बढ़ती तपिश और गर्म हवाओं ने दिन के साथ रातों का सुकून भी छीन लिया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ सकता है। ऐसे में कई जिलों में लू का असर और तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक खजुराहो में सबसे अधिक 46.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं नौगांव में 46 डिग्री पारा रिकॉर्ड हुआ।इसके अलावा राजगढ़ में 45.5 डिग्री, रतलाम में 45.4 डिग्री, दतिया में 45.3 डिग्री, खंडवा में 45.1 डिग्री और श्योपुर में 45 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों की दिनचर्या पर असर डालना शुरू कर दिया है। दोपहर के समय बाजार और सडक़ें लगभग सूनी नजर आईं।
नेचर सिटीज अध्ययन में खुलासा—आर्थिक विकास के साथ बढ़ रहा प्रदूषण
नई दिल्ली,(ईएमएस)। दुनिया के तेजी से विकसित हो रहे शहरों में प्रदूषण और आर्थिक समृद्धि के बीच गहरा संबंध सामने आया है। भारत के अनेक बड़े शहर आर्थिक विकास के साथ-साथ प्रदूषण की गंभीर चुनौती का भी सामना कर रहे हैं। अध्ययन में बताया गया है कि दुनिया के 390 ऐसे शहरों में, जिन्हें “सबसे अधिक प्रदूषित और समृद्ध” श्रेणी में रखा गया, उनमें 138 शहर भारत के हैं। यह कुल संख्या का लगभग 35.4 प्रतिशत है। शोधकर्ताओं ने 2019 से 2024 के बीच दुनिया के 5,435 शहरों का अध्ययन किया। इसके लिए उपग्रह आधारित नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, डेटा और सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के अनुमानों का उपयोग किया गया। अध्ययन के मुताबिक, भारत में शहरी विकास अब भी बड़े पैमाने पर जीवाश्म ईंधन आधारित परिवहन, उद्योग और बिजली उत्पादन पर निर्भर है, जिसके कारण आर्थिक प्रगति के साथ प्रदूषण भी बढ़ रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसे महानगरों में स्वच्छ विकास की दिशा में कुछ सकारात्मक संकेत जरूर दिखाई दिए हैं, लेकिन अधिकांश भारतीय शहर अब भी प्रदूषण कम करने में अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर पाए हैं। इसके विपरीत चीन और कई अन्य देशों ने स्वच्छ ऊर्जा और टिकाऊ शहरीकरण के जरिए प्रदूषण नियंत्रण में उल्लेखनीय प्रगति की है।

