
अमेरिका पर 100 प्रतिशत भरोसा कर भारत…डोनाल्ड ट्रंप
नई दिल्ली(ईएमएस)। भारत मंडपम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान भारत और अमेरिका के बीच मजबूत होते रिश्तों की एक बेहद खास और अनूठी झलक देखने को मिली। अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष समारोह में उस समय सब हैरान रह गए, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वहां मौजूद अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के मोबाइल पर सीधे फोन मिलाया। राजदूत सर्जियो गोर ने ट्रंप की बातें वहां उपस्थित सभी लोगों को सुनाने के लिए अपने फोन को मुख्य माइक्रोफोन के पास रख दिया। लाइव फोन कॉल पर बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने खुले मंच से भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी गहरी आत्मीयता प्रकट की। ट्रंप ने कहा, मैं कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को नमस्कार कहना चाहता हूँ। मुझे भारत के प्रधानमंत्री बहुत पसंद हैं।
नरेंद्र मोदी एक महान नेता हैं और वह मेरे बहुत अच्छे मित्र हैं। मैं पीएम मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूँ। उन्होंने आगे वैश्विक मंच पर दोनों देशों की बढ़ती नजदीकियों को रेखांकित करते हुए कहा कि आज से पहले भारत और अमेरिका कभी एक-दूसरे के इतने करीब नहीं रहे हैं। भारत के लोग मुझ पर और हमारे देश अमेरिका पर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकते हैं। यदि भारत को कभी भी किसी मदद की जरूरत पड़े, तो वे अच्छी तरह जानते हैं कि उन्हें कहां फोन करना है, वे सीधे यहीं फोन करेंगे। इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो और अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर सहित कई दिग्गज हस्तियां मौजूद थीं।ट्रंप ने अपने संबोधन में मार्को रूबियो की जमकर तारीफ की और उन्हें अमेरिका के इतिहास का सबसे महान विदेश मंत्री बताया। साथ ही, उन्होंने फोन रखने से पहले राजदूत से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को मेरा विशेष नमस्कार कहना और उन्हें याद दिलाना कि मैं उनका कितना बड़ा प्रशंसक हूँ। इसके साथ ही ट्रंप ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था और शेयर बाजार के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का भी दावा किया।
पूंजीपति दोस्तों को मालामाल करने के लिए , जनता की जेब काटने में लगे
भोपाल (ईएमएस)।
मध्यप्रदेश में पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। तेल कंपनियों ने सोमवार को फिर ईंधन के दाम बढ़ा दिए। पेट्रोल में 2.61 रुपये और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल 115 रुपये के करीब पहुंच गया, जबकि डीजल 100 रुपये के पार निकल गया है। भोपाल में अब पेट्रोल 114.65 रुपये और डीजल 99.74 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।सरकार ने सोमवार को पेट्रोल-डीजल के दाम फिर बढ़ा दिए हैं। पेट्रोल में 2.61 रुपए और डीजल में 2.71 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। बीजेपी ने बढ़े हुए दामों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। बीजेपी का दावा है कि कांग्रेस शासित राज्यों में बीजेपी शासित राज्यों से महंगा पेट्रोल-डीजल मिल रहा है। बीजेपी का दावा है कि भारत के हर राज्य में एक समान केंद्रीय उत्पाद शुल्क है। इसके बावजूद बीजेपी शासित दिल्ली में 102 और गुजरात में 101 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल है। वहीं, कांग्रेस शासित राज्य तेलंगाना में 118, कर्नाटक में 110 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले एलडीएफ शासित केरल में 114 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल है। बीजेपी का कहना है कि जो पार्टी केंद्र सरकार को ईंधन की कीमतों पर उपदेश देती है, वही अपने ही लोगों पर प्रति लीटर 16 रुपए ज्यादा टैक्स लगाती है। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस पाखंडी है। वहीं, कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर केंद्र सरकार को घेरा। कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, महंगाई मैन पीएम मोदी ने पेट्रोल-डीजल 11 दिन में 8 रुपए महंगा कर दिया। आज फिर पेट्रोल पर 2.87 रुपए और डीजल पर 2.80 रुपए बढ़ा दिए हैं। 15 मई को पेट्रोल 3.29 रुपए व डीजल 3.11 रुपए, 19 मई को पेट्रोल 96 पैसे व डीजल 94 पैसे, 23 मई को पेट्रोल 94 पैसे व डीजल 95 पैसे और 25 मई को पेट्रोल में 2.87 रुपए व डीजल में 2.80 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। इस तरह अब तक पेट्रोल 8.06 और डीजल 7.80 रुपए महंगा हुआ है। अपने पूंजीपति दोस्तों को मालामाल करने के लिए पीएम मोदी जनता की जेब काटने में लगे हैं।पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार महंगाई रोकने के बजाय पूरा बोझ जनता पर डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कच्चे तेल के दाम कम थे तब जनता को राहत नहीं दी गई और अब लगातार कीमतें बढ़ाई जा रही हैं। इस महीने कब-कब बढ़े रेट 15 मई – करीब 3 रुपए प्रति लीटर बढ़ोतरी 19 मई – लगभग 90 पैसे की बढ़ोतरी 23 मई – 87 से 91 पैसे तक इजाफा 25 मई – फिर करीब 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी
‘जेन जी’ ही प्रधानमंत्री मोदी का अहंकार तोड़ेगा: राहुल
नयी दिल्ली: 25 मई (भाषा)
कांग्रेस ने सीबीएसई की 12वीं कक्षा की ‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ (ओएसएम) प्रणाली से जुड़े मामले को लेकर सोमवार को दावा किया कि सरकार सवाल पूछने वाले युवाओं को डराती और बदनाम करती है, लेकिन ये युवा और ‘जेन जी’ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अहंकार तोड़ेंगे।उन्होंने यह भी कहा कि ‘ऑन-लाइन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली के तहत ग़लत मूल्यांकन और जांच की गड़बड़ी की शिकायतें अनसुनी पड़ी हैं और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपनी कुर्सी से चिपके हुए हैं।
ममता, अभिषेक बनर्जी ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को दिया समर्थन : डेरेक ओ’ब्रायन
नयी दिल्ली: 25 मई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ’ब्रायन ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी की प्रमुख ममता बनर्जी और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने ऑनलाइन मंच ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को पूर्ण समर्थन दिया है।ओ’ब्रायन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि तृणमूल नेतृत्व अब भी “अच्छी लड़ाई लड़ने” पर केंद्रित है।
रूस, ईरान से सस्ता तेल क्यों नहीं खरीद रहे प्रधानमंत्री मोदी: केजरीवाल
नयी दिल्ली: 25 मई (भाषा) पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सोमवार को दो सप्ताह से भी कम समय में चौथी बार वृद्धि किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सवाल किया कि केंद्र रूस और ईरान से ईंधन क्यों नहीं खरीद रहा?केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘तेल की कीमतें फिर बढ़ गई हैं। रूस और ईरान हमें सस्ता और पर्याप्त तेल तथा गैस देने को तैयार हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनसे सस्ता तेल क्यों नहीं खरीद रहे?’’
सैकड़ों गायों के शव पड़े….
जैसलमेर (ईएमएस)।
राजस्थान के जैसलमेर जिले से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने गौ संरक्षण और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर बहस छेड़ दी है। नगर परिषद क्षेत्र के कचरा डंपिंग यार्ड में बड़ी संख्या में मृत गायों के सड़े हुए शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों और गौ सेवकों में भारी आक्रोश फैल गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में खुले मैदान में सैकड़ों गायों के शव पड़े दिखाई देने के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। घटना के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार जैसलमेर जिला मुख्यालय से करीब सात किलोमीटर दूर रामगढ़ मार्ग पर नगर परिषद का डंपिंग यार्ड स्थित है। रविवार को वायरल हुए वीडियो में वहां बड़ी संख्या में मृत गायों के शव दिखाई दिए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से मृत पशुओं के उचित निस्तारण की व्यवस्था नहीं की जा रही थी, जिसके कारण यह स्थिति पैदा हुई। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बदबू और गंदगी का माहौल बना हुआ था, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

