
सीहोर
मुख्यमंत्री ने कहा है कि जन-सहयोग से जिले की हर क्लास को स्मार्ट क्लास बना कर आज सीहोर जिले के शिक्षकों ने इतिहास रचा है। शिक्षकों ने अपने खून-पसीने की कमाई से 4 करोड़ 25 लाख रूपए इकट्ठे किए और जिले के 1552 विद्यालयों को 1630 स्मार्ट टीवी प्रदान किए। जिले के जन-प्रतिनिधियों और प्रशासन ने भी इसमें पूरा सहयोग किया। प्रदेश के विकास में सरकार के साथ समाज के सहयोग का यह अनुकरणीय उदाहरण है। यह अद्वितीय कार्य पूरे प्रदेश को प्रेरणा देगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे इसी पवित्र भावना के साथ कार्य करें और प्रदेश के हर विद्यालय को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र बनाएँ। मैं शिक्षकों के प्रति आदर प्रदर्शित करते हुए उनके महंगाई भत्ते में 4 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की घोषणा करता हूँ।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार हर 20 से 25 किलोमीटर की परिधि में सीएम राइज स्कूल प्रारंभ कर रही है, जो आधुनिक एवं उच्च गुणवत्तायुक्त शिक्षा के केंद्र होंगे। इनके लिए आधुनिक लैब, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास आदि सभी सुविधाओं से युक्त भवन बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक भवन की लागत लगभग 35 करोड़ रूपए है।
मुख्यमंत्री ने जिले में 10वीं कक्षा में सर्वाधिक अंक लाने वाले विद्यार्थी ओमेश व्यास एवं 12वीं कक्षा में सर्वाधिक अंक लाने पर कुमारी दिव्या रावत को सम्मानित किया। चित्रकला प्रतियोगिता में मयूर शर्मा, कुमारी वैष्णवी बैरागी और पीयूष गोस्वामी को पुरस्कृत किया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जिले में 10वीं एवं 12वीं कक्षा में सर्वाधिक अंक लाने वाले टॉप 10 बच्चों को 50-50 हजार रूपए का पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने जिले में सर्वश्रेष्ठ परिणाम लाने वाले 10 विद्यालयों को 5-5 लाख रूपये पुरस्कार स्वरूप देने की घोषणा की|
