
प्रधानमंत्री ने म. प्र. में दुर्घटना में मौत पर शोक व्यक्त किया
प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया; “मध्य प्रदेश के सीधी में हुई बस दुर्घटना दु:खद है। इस दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मध्य प्रदेश सरकार सभी प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है।”“मध्य प्रदेश में हुए हादसे में प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जायेंगे।”
मंत्रि-परिषद की बैठक प्रारंभ होने के पहले मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सीधी जिले में कल हुई सड़क दुर्घटना का विवरण दिया। मंत्री परिषद की बैठक शुरू होने के पहले इस दुर्घटना में मृत नागरिकों को दो मिनिट का मौन रख कर श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री श्री चौहान, वित्त मंत्री श्री जगदीश देवड़ा और वीसी द्वारा जुड़े मंत्री गण ने मृतकों को श्रद्धांजलि दी।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दुर्घटना को हृदय विदारक बताते हुए दिवंगत नागरिकों के परिवारों को दी गई सहायता और गंभीर एवं साधारण घायलों के उपचार की व्यवस्था की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि वे दुर्घटना स्थल के साथ ही रीवा जाकर अस्पताल में प्रत्येक घायल से मिले और उनके उपचार के संबंध में चिकित्सकों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इस विपदा से प्रभावित परिवारों को राज्य शासन की ओर से राहत राशि देने के अलावा अन्य आवश्यकताओं के लिए पूरा सहयोग दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सतना जिले के प्रवास के दौरान सीधी जिले में हुई दुर्घटना की खबर मिलते ही अधिकारियों को दुर्घटना से प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता के निर्देश दिए। उन्होंने तत्काल घटना स्थल पहुंचने का निर्णय लिया।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि दुर्घटना ह्रदय विदारक है। दुर्घटना में दिवंगत व्यक्तियों के परिजन को आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही घायलों का नि:शुल्क उपचार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने आज रात सीधी जिले में हुई दुर्घटना में खड़ी हुई बसों से ट्रक द्वारा टकराने से हुई जन हानि और रेस्क्यू प्रयासों की जानकारी प्राप्त की।

