
शहडोल
25 फरवरी 2023- विधायक जयसिंहनगर जयसिंह मरावी ने कहा है कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना हर स्तर पर महिलाओं को सशक्त बनाएगी। महिला सशक्तिकरण के लिए कैबिनेट ने ऐतिहासिक फैसला लेकर आज मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अनुमोदित कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर बहनें, महिलाएँ सशक्त होंगी तो समाज सशक्त होगा, समाज सशक्त होगा तो जिला प्रदेश सशक्त होगा और प्रदेश सशक्त होगा तो देश भी सशक्त होगा। विधायक जयसिंहनगर श्री जयसिंह मरावी आज नगर पालिका क्षेत्र शहडोल के न्यू बस स्टैंड प्रांगण में आयोजित विकास यात्रा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मिशन को विकास यात्राएँ सार्थक कर रही हैं। जिले में विकास यात्रा का सिलसिला लगातार जारी है। विकास यात्रा के दौरान जिले में हितग्राहियों लाभांवित किया जा रहा हैं। उन्होंने विकास यात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए शासन की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

