
ब्रिजटाउन: 29 जून ( भाषा ) भारत ने आईसीसी खिताब के लिये 11 साल का इंतजार खत्म करते हुए दक्षिण अफ्रीका को बेहद रोमांचक मैच में सात रन से हराकर टी20 विश्व कप जीत लिया ।पिछले साल 19 नवंबर को अहमदाबाद में अधूरा रहा सपना आखिरकार वेस्टइंडीज में पूरा हुआ तो रोहित शर्मा की टीम के साथ टीवी के आगे नजरें गड़ाये बैठे भारतीय क्रिकेटप्रेमियों की आंखें भी छलछला गई । इस आईसीसी खिताब के लिये 11 साल लंबा इंतजार जो था और जीत के नायक रहे विराट कोहली जिन्होंने जीत के साथ ही टी20 क्रिकेट को अलविदा भी कह दिया ।भारत ने 2007 में पहला टी20 विश्व कप जीता था और आखिरी आईसीसी खिताब 2013 में महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में दक्षिण अफ्रीका में चैम्पियंस ट्रॉफी जीती थी । पिछले साल भारत में वनडे विश्व कप फाइनल में टीम आस्ट्रेलिया से हार गई थी ।पावरप्ले में मिले शुरूआती झटकों से उबरते हुए विराट कोहली और अक्षर पटेल ने भारत को में सात विकेट पर 176 रन तक पहुंचाया ।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कभी टी20 क्रिकेट से विदा लेने के बारे में सोचा नहीं था लेकिन विराट कोहली की तरह युवा पीढी के लिये रास्ता बनाने के लिये उन्होंने यह फैसला लिया और कहा कि विश्व कप ट्रॉफी जीतने के साथ विदा लेने से बढिया क्या हो सकता है ।
भारत ने जीव-जंतुओं की पहली व्यापक सूची तैयार की
नयी दिल्ली: 30 जून (भाषा) भारत ने अपने समग्र जीव-जंतुओं की एक सूची (चेकलिस्ट) तैयार की है जिसमें 1,04,561 प्रजातियों को शामिल किया गया है और ऐसा करने वाला यह दुनिया का पहला देश बन गया है।कोलकाता में भारतीय प्राणी सर्वेक्षण (जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया) के 109वें स्थापना दिवस के अवसर पर ‘फॉना ऑफ इंडिया चेकलिस्ट पोर्टल’ लॉन्च करते हुए केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि भारत में जीव-जंतुओं की प्रजातियों पर पहला व्यापक दस्तावेज जैव विविधता प्रलेखन में भारत को एक वैश्विक नेता के रूप में स्थापित कर देगा।
नयी दिल्ली: 30 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के कारण तकरीबन चार महीने तक वह ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए लोगों से संवाद नहीं कर सके और इस दौरान महीने के हर आखिरी रविवार को उन्हें इसकी ‘‘बहुत कमी’’ महसूस हुई।तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद ‘आकाशवाणी’ के मासिक रेडियो कार्यक्रम की 111वीं कड़ी में देशवासियों के साथ अपने विचार साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात कही।
भोपाल : रविवार, जून 30, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि कल एक जुलाई का दिन पूरे देश और प्रदेश के लिए एक विशेष दिन रहने वाला है। अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे भारतीय दंड संहिता, सीआरपीसी, भारतीय साक्ष्य अधिनियम…ये सारे नियम बदलते हुए नए प्रकार के कानून लागू होने वाले हैं। अब दंड संहिता के बजाय न्याय संहिता की बात की जाएगी। अर्थात न्याय के आधार पर हमारी व्यवस्था चलनी चाहिए। अंग्रेज जब तक हम पर हावी थे तब तक वो दंड की बात करते थे। हमारी परंपरा न्याय की परंपरा है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ये तीनों कानून पूरे देशवासियों के जीवन में अंगीकार होंगे। उससे सुविधा मिलेगी। अपनी संस्कृति पर गर्व करने का मौका मिलेगा। आमजन के माध्यम से पूरे प्रदेश में जो अभियान चलेगा, इस व्यवस्था के लिए थाने के अंदर सभी प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए गए और जन जागृति के लिए अधिकारियों के साथ मिलकर अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। उम्मीद करता हूं इसका लाभ सभी मिलकर उठाएंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी के इस अभियान का हमारी सरकार अक्षरश: पालन करेगी।

