
भोपाल : सोमवार, जुलाई 29, 2024
उप-मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने मंत्रालय में विंध्य क्षेत्र में विभिन्न जनोपयोगी सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्य में आ रही विभिन्न तकनीकी और प्रशासकीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि अंतर्विभागीय और केंद्र स्तर के सामंजस्य से इनका शीघ्र निराकरण किया जाएगा। जिससे क्षेत्र के निवासियों को आवागमन में असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही आर्थिक गतिविधियों में तेज़ी आये। बैठक में रीवा से शहडोल मार्ग में टनल की डीपीआर तैयार करने, रीवा-टेटका-शहडोल मार्ग में वन विभाग की अनुमति और मऊगंज-सीधी-सिंगरौली मार्ग के उन्नयन सहित अन्य सड़क निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की श्री शुक्ल ने समीक्षा की। प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग श्री डी पी आहूजा, एमडी एमपीआरडीसी श्री अविनाश लवानिया उपस्थित थे।शुक्ल ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री आरिफ अकील के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है।
भोपाल में स्कूल शिक्षा विभाग के 3 पुस्तकालय संचालित हो रहे है। इन पुस्तकालायों के माध्यम से नागरिकों विशेष रूप से युवाओं को समाचार पत्रों के साथ विभिन्न अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इन पुस्तकालायों के जीर्णोंद्वार के लिये विभाग द्वारा विशेष प्रयास किये गये है।शासकीय केन्द्रीय पुस्तकालय भोपाल जिसे मौलाना आजाद सेंट्रल लाइब्रेरी के नाम से जाना जाता है। इसके जीर्णोंद्वार के लिये कलेक्टर भोपाल द्वारा 6 करोड़ 50 लाख रूपये का बजट उपलब्ध कराया है। बजट राशि से पुस्तकालय क्षेत्र का विस्तार, 3 मंजिला भवन निर्माण, पार्किंग व्यवस्था और नवीन फर्नीचर आदि का कार्य कराया जा रहा है। इन कार्यों के हो जाने के बाद सेंट्रल लाइब्रेरी में वर्तमान व्यवस्था के अलावा 500 और नये सदस्यों को अध्ययन सुविधा उपलब्ध होगी। मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के द्वारा भी पुस्तकालय का अनुरक्षण एवं विकास का कार्य किया गया है। पुस्तकालय सदस्यों की मांग पर विभागीय बजट से करीब 350 नई ज्ञानवर्धक पुस्तकें क्रय कर पाठकों को उपलब्ध कराई गई है।भोपाल के न्यू मार्केट में मल्टीलेवल स्मार्ट पार्किंग के द्वितीय तल पर भोपाल जिला पुस्तकालय संचालित किया जा रहा है। इस पुस्तकालय में करीब 60 हजार पुस्तकों का संग्रह उपलब्ध है। इस पुस्तकालय में भी प्रतिदिन नागरिकों के अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिये युवा अध्ययन करने पहुँचते है।
शहडोल
संभाग कमिश्नर बीएस जामोद ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे वर्षाकाल में नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को शुद्ध और स्वच्छ पानी मुहैया कराएं। कमिश्नर ने निर्देश दिए है कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मैदानी अधिकारी, कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों का सतत भ्रमण कर जल स्त्रोतों की सतत रूप से निगरानी करें। पानी को स्वच्छ बनाने के लिए जल स्त्रोतों में क्लोरीन की दवा भी डलवाना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे मौसमी बीमारियों पर सतत रूप से निगरानी रखे, लोगों से सम्पर्क स्थापित कर लेागों को स्वच्छ जल पीने, ताजी सब्जियों का उपयोग करने की भी सलाह दें। कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में मौसमी बीमारियों की जानकारी त्वरित रूप से प्राप्त करने के लिए अपने सूचना तंत्र को मजबूत बनाएं तथा मौसमी बीमारियों की जानकारी मिलने पर संबंधति क्षेत्र मे तत्काल चिकित्सकों का दल भिजवाना सुनिश्चित करें।

