
मोदी सरकार ने मनरेगा पर बुलडोजर चलाया, नए काले कानून के खिलाफ लड़ने को प्रतिबद्ध: सोनिया
नयी दिल्ली: 20 दिसंबर (भाषा) कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने ‘विकसित भारत-जी राम जी विधेयक’ संसद से पारित होने के बाद शनिवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने मनरेगा पर बुलडोजर चला दिया है और करोड़ों किसानों, श्रमिकों एवं भूमिहीन ग्रामीण वर्ग के गरीबों के हितों पर हमला किया है।उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी नए “काले कानून” के खिलाफ लड़ाई को प्रतिबद्ध हैं।
बंगाल में ‘महा जंगल राज’ खत्म करेंगे: प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए राज्य की मौजूदा स्थिति को “महा जंगल राज” बताया और आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और तुष्टीकरण ने राज्य में विकास को रोक दिया है। कोलकाता से फोन पर नदिया जिले के ताहिरपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए, मोदी ने लोगों से आगामी विधानसभा चुनावों में राज्य में “डबल इंजन सरकार” बनाने के लिए भाजपा को एक मौका देने का आग्रह किया।
सीएसआर में पर्यावरणीय जिम्मेदारी का समावेश अनिवार्य : उच्चतम न्यायालय
नयी दिल्ली: 20 दिसंबर (भाषा) उच्चतम न्यायालय ने अपने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) को कॉरपोरेट पर्यावरणीय जिम्मेदारी से अलग नहीं किया जा सकता और कंपनियां पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी तंत्र के अन्य जीवों की अनदेखी कर खुद को सामाजिक रूप से जिम्मेदार नहीं कह सकतीं।न्यायमूर्ति पी. एस. नरसिम्हा और न्यायमूर्ति ए. एस. चांदुरकर की पीठ ने विलुप्तप्राय प्रजाति गोडावण (‘ग्रेट इंडियन बस्टर्ड’) के संरक्षण के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए। यह प्रजाति राजस्थान और गुजरात में गैर-नवीकरणीय ऊर्जा संयंत्रों के संचालन के कारण खतरे में है।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान और पत्नी को भ्रष्टाचार के मामले में 17-17 साल की कैद;
इस्लामाबाद: 20 दिसंबर (भाषा) पाकिस्तान की जवाबदेही अदालत ने जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को तोशाखाना-2 भ्रष्टाचार मामले में शनिवार को 17-17 साल के कारावास की सजा सुनाई।
बांग्लादेश में हिंदू व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में सात लोग गिरफ्तार
ढाका/नयी दिल्ली: 20 दिसंबर (भाषा) बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने शनिवार को कहा कि हिंदू व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।मैमेनसिंह शहर में बृहस्पतिवार को कथित ईशनिंदा को लेकर भीड़ ने दीपू चंद्र दास (25) की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी और शव को आग के हवाले कर दिया था।

