
रुपया 95.80 के सर्वकालिक निचले स्तर तक टूटने के बाद 95.67 प्रति डॉलर पर बंद
मुंबई: 13 मई (भाषा)
अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बुधवार को दोपहर के कारोबार में 12 पैसे टूटकर अबतक के सबसे निचले स्तर 95.80 प्रति डॉलर पर रहा।रुपया बुधवार को कारोबार के दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर 95.80 पर पहुंच गया। हालांकि मामूली सुधार के साथ अंत में 95.67 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा।विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण रुपये पर दबाव बना हुआ है।
असम के सभी पांच मंत्री करोड़पति हैं, एक पर आपराधिक मामला दर्ज: एडीआर रिपोर्ट
नयी दिल्ली: 13 मई (भाषा) एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की बुधवार को जारी एक रिपोर्ट के अनुसार असम में शपथ लेने वाले सभी पांच मंत्री करोड़पति हैं, जबकि उनमें से एक पर आपराधिक मामला दर्ज है।हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ ही चार विधायकों – भाजपा के रामेश्वर तेली और अजंता नियोग, असम गण परिषद (अगप) के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के चरण बोरो – ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
नीट-यूजी परीक्षा रद्द होने के खिलाफ दिल्ली में एनटीए के कार्यालय के बाहर एबीवीपी का प्रदर्शन
नयी दिल्ली: 13 मई (भाषा) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने नीट-यूजी 2026 का प्रश्नपत्र लीक होने और अनियमितताओं के आरोप लगने के बाद परीक्षा रद्द किए जाने के खिलाफ बुधवार को दिल्ली में एनटीए के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के खिलाफ नारेबाजी की और कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बोले- विपक्ष का नेता ‘रबर स्टैंप’ नहीं, चयन प्रक्रिया को बताया पक्षपातपूर्ण-राहुल
नई दिल्ली,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री आवास पर मंगलवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नए सीबीआई डायरेक्टर के चयन को लेकर अपनी असहमति जताई है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चयन प्रक्रिया को महज औपचारिकता बनाकर रख दिया गया है और विपक्ष की भूमिका को नजरअंदाज किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत और राहुल गांधी शामिल हुए। बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली। बैठक के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पत्र साझा करते हुए चयन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। राहुल गांधी ने कहा कि सीबीआई डायरेक्टर के चयन के लिए सरकार की ओर से 69 उम्मीदवारों की सूची दी गई, लेकिन उनसे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उम्मीदवारों की सेल्फ असेसमेंट रिपोर्ट और 360-डिग्री मूल्यांकन रिपोर्ट देने से साफ इनकार कर दिया गया। राहुल ने अपने पत्र में लिखा कि विपक्ष के नेता को चयन समिति में इसलिए शामिल किया जाता है ताकि संस्थाओं पर किसी एक पक्ष का नियंत्रण न हो और प्रक्रिया निष्पक्ष बनी रहे। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक दस्तावेज और मूल्यांकन रिपोर्ट ही साझा नहीं की जाएंगी, तो विपक्ष की भूमिका केवल “रबर स्टैंप” बनकर रह जाएगी।
नीट-2026 पेपर लीक मामले की जांच में चौंकाने वाले;30 लाख रुपये में कथित तौर पर पेपर खरीदा
जयपुर,(ईएमएस)। राजस्थान के सीकर से जुड़े नीट-2026 पेपर लीक मामले की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, पेपर लीक का यह नेटवर्क हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड तक फैला हुआ था, जहाँ परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्रों का सौदा लाखों रुपये में किया गया। इस सिंडिकेट ने न केवल डिजिटल माध्यमों का सहारा लिया, बल्कि कोचिंग सेंटरों के नेटवर्क का भी इस्तेमाल किया। जांच में खुलासा हुआ है कि जमवारामगढ़ निवासी दो भाइयों, मांगीलाल बिवाल और दिनेश बिवाल ने गुरुग्राम के एक डॉक्टर से करीब 30 लाख रुपये में कथित तौर पर पेपर खरीदा था। यह सौदा 26 और 27 अप्रैल को हुआ, जिसके बाद यह पेपर सीकर में तैयारी कर रहे छात्रों और अन्य अभिभावकों तक पहुँचाया गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी दिनेश बिवाल के परिवार के चार बच्चों का चयन पिछले साल भी नीट में हुआ था, जिससे इस पूरे गिरोह की सक्रियता पर पुराने संदेह भी गहरा गए हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों को एक महीने पहले ही पेपर लीक होने की जानकारी मिल गई थी। हरियाणा से गिरफ्तार यश यादव सहित अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि पेपर लीक के मूल स्रोत का पता लगाया जा सके। इस बड़े खुलासे के बाद देश भर के छात्रों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। छात्र संगठनों ने परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। जांच एजेंसियां अब उन सभी छात्रों और अभिभावकों की पहचान करने में जुटी हैं जिन्होंने पैसे देकर पेपर हासिल किया, ताकि इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके। 700 छात्रों तक पेपर पहुंचाया मामले का एक अन्य महत्वपूर्ण सिरा देहरादून से जुड़ा है, जहाँ से राकेश कुमार मंडवारिया को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि राकेश ने करीब 700 छात्रों तक पेपर पहुँचाने का काम किया। जांच में पाया गया कि प्रश्नपत्र पहले डिजिटल रूप में भेजा गया और फिर प्रिंट निकालकर ऊँची कीमतों पर बेचा गया। देश में कोचिंग हब के रूप में विख्यात सीकर अब पूरी तरह जांच के घेरे में है।
13 वाहनों की तुलना में केवल आठ वाहन शामिल होंगे।
मध्यप्रदेश पीएम मोदी की मितव्ययिता अपील पर अमल करते हुए मध्यप्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव ने अगले आदेश तक अपने काफिले में वाहनों की संख्या घटा दी। एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में सीएम यादव ने मंत्रिपरिषद के सदस्यों से राष्ट्रीय हित में पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील की थी और सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर जोर दिया था। सीएम डा यादव के काफिले में अब पहले के 13 वाहनों की तुलना में केवल आठ वाहन शामिल होंगे। अधिकारी ने बताया कि उनके दौरों के दौरान वाहन रैलियां भी आयोजित नहीं की जाएंगी।

