
93.83 रुपया प्रति डॉलर पर
मुंबई: 22 अप्रैल (भाषा) रुपये में बुधवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट आई और यह 39 पैसे टूटकर 93.83 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा।अमेरिका-ईरान शांति वार्ता को लेकर अनिश्चितता से पश्चिम एशिया में संघर्ष कम होने की उम्मीदें कमजोर हुई हैं। इसके साथ कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई जिससे घरेलू मुद्रा पर दबाव बढ़ा।
युद्धविराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा
वाशिंगटन/इस्लामाबाद: 22 अप्रैल (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यस्थ देश पाकिस्तान के अनुरोध पर ईरान के साथ युद्धविराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया है।ट्रंप ने कहा कि यह कदम तेहरान के आंतरिक मतभेदों से जूझ रहे नेतृत्व को सात सप्ताह से जारी युद्ध समाप्त करने के लिए एक प्रस्ताव तैयार करने का समय देने के उद्देश्य से उठाया गया है।यह घोषणा तब की गई है, जब आठ अप्रैल को घोषित दो सप्ताह का युद्धविराम कुछ ही घंटों में समाप्त होने वाला था। इसके साथ ही उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की इस्लामाबाद यात्रा भी प्रभावी रूप से टल गई, जहां ईरानी प्रतिनिधियों के साथ शांति वार्ता प्रस्तावित थी।हालांकि, ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि अमेरिका ईरान पर अपने हमले को तब तक रोकेगा, जब तक उसके नेता और प्रतिनिधि समेकित प्रस्ताव तैयार नहीं कर लेते।उन्होंने कहा कि ईरान के बंदरगाहों पर आर्थिक नाकेबंदी जारी रहेगी।
भाजपा को जिताने के लिए काम कर रहे हैं सीईसी : सिब्बल
नयी दिल्ली: 22 अप्रैल (भाषा) पूर्व कानून मंत्री कपिल सिब्बल ने बुधवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जीत दिलाने के लिए उसके साथ मिलकर काम करने का आरोप लगाया और दावा किया कि वह ‘‘राष्ट्रीय शर्म’’ बन चुके हैं।राज्यसभा सदस्य ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सुरक्षा कर्मियों की बड़े पैमाने पर तैनाती को लेकर भी भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर हमला बोला।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग पहुंचा, प्रधानमंत्री पर टिप्पणी के लिए खरगे पर कार्रवाई की मांग की
नयी दिल्ली: 22 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को निर्वाचन आयोग पहुंचा और उसने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ‘‘आतंकवादी’’ संबंधी टिप्पणी के लिए उनके (खरगे) खिलाफ “कड़ी से कड़ी कार्रवाई” की मांग की।इस प्रतिनिधिमंडल में निर्मला सीतारमण समेत तीन केंद्रीय मंत्री शामिल थे।
भारत किसी भी तरह के आतंकवाद के आगे कभी नहीं झुकेगा: पहलगाम हमले की बरसी पर PM
नई दिल्ली: (22 अप्रैल) पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ज़ोर देकर कहा कि भारत किसी भी तरह के आतंकवाद के आगे कभी नहीं झुकेगा और आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने पिछले साल इसी दिन जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था, जिसमें 26 बेकसूर लोग मारे गए थे; इनमें ज़्यादातर भारत भर से आए पर्यटक थे।

