
मीडिया-संवाद: मीडिया के समन्वित प्रयासों से बेहतर समाज का निर्माण होता है- पार्थ
शहडोल 5 अगस्त 2026-
नवागत कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने जिले में प्रशासन की प्राथमिकताओं, विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन एवं मीडिया के समन्वित प्रयासों से बेहतर समाज का निर्माण होता है। मीडिया शासन की योजनाओं एवं जनहितकारी कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं कृषि क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाएगा। शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे पात्र हितग्राही तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाएगा। आपने कहा कि अधोसंरचना निर्माण के कार्यों को गति देकर समय-सीमा में पूरा किया जाएगा।उन्होंने कहा कि जिले के विकास के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। प्रशासन द्वारा जनसमस्याओं के निराकरण तथा नागरिकों को बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का समय पर लाभ दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। मीडिया प्रतिनिधियों ने नवागत कलेक्टर का स्वागत करते हुए जिले से संबंधित विभिन्न विषयों एवं जनहित के मुद्दों से अवगत कराया। कलेक्टर ने मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुना तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई एवं संबंधित विभागों से समन्वय कर निराकरण सुनिश्चित करने की बात कही। आपने बताया कि 07 अगस्त से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत हर शुक्रवार को ग्रामीण क्षेत्रों में शिविरों का आयोजन कर जन समस्याओं का निराकरण, शिकायतों का निराकरण तथा पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। शुक्रवार के दिन जिले के सभी अधिकारी भ्रमण में रहेंगे।कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच निरंतर संवाद एवं सकारात्मक समन्वय से शासन की योजनाओं, विकास कार्यों तथा जनहितकारी गतिविधियों की जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से सहयोग की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि जिले के विकास और जनकल्याण के लिए सभी के सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा प्रदेश में 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का आयोजन व्यापक जनभागीदारी के साथ किया जाएगा। अभियान के माध्यम से नागरिकों को विगत वर्षों की तरह उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया जाएगा। देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न शासकीय कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।अभियान के अंतर्गत जिले के सभी क्षेत्रों में तिरंगा से प्रेरित कला, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा रंगोली, तिरंगा बुनाई, तिरंगा पर प्रश्नोत्तरी, तिरंगा सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पर्याप्त मात्रा में खादी/पॉलिएस्टर के राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के दौरान केंद्रित तिरंगा मेला, तिरंगा कंसर्ट, तिरंगा बाइक/तिरंगा ई-बाइक, तिरंगा साइकिल रैली, उच्च जनभागीदारी के साथ तिरंगा यात्रा, तिरंगा ध्वज बिक्री एवं समुचित व्यवस्था, मानव श्रृंखला निर्माण तथा तिरंगा एंथम आदि महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

