
शहडोल 7 जून 2024- कलेक्टर तरूण भटनागर के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जिले में पानी सहेजने के लिए जिले के गाँव-गाँव व कस्बे-कस्बे में भी विश्व पर्यावरण दिवस से “जल गंगा संवर्धन” अभियान के तहत जल संरचनाओं के जीर्णाेद्धार व पुनर्जीवन का काम प्रारंभ किया जा रहा हैं।इसी कड़ी में आज जिले के सोहागपुर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत कोटमा के नवीन तालाब के जीर्णोद्धार का कार्य किया गया। ग्राम पंचायत कोटमा के नवीन तालाब को गहरी करण करने के साथ-साथ पिचिंग का कार्य भी किया गया। इस कार्य में ग्राम पंचायत कोटमा के ग्रामीण जनों ने भी सहयोग दिया।कलेक्टर तरूण भटनागर की उपस्थिति में आज कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किये जा रहे कार्याें के संबंध में बैठक आयोजित की बैठक। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान 16 जून तक चलाया जा रहा है इस अभियान में सभी नागरिक सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए पौध रोपण आवश्यक है, पौधरोपण का कार्य अपने पूर्वजों के स्मृतियों, जन्मदिन, बरहो जैसे अन्य कार्यक्रमों के दौरान करें। उन्होंने कहा कि रिक्त शासकीय जमीनों, स्कूलो के बाउण्ड्री, नदियों के किनारे व अन्य स्थानों में आम, अमरूद, साल व फलदार पौधों का रोपण करे तथा पौधों को जीवित करने का संकल्प ले और लगाए गए पौधों की सतत निगरानी करें। कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देश दिए कि शहडोल के सरफा डैम में भी पौधरोपण, साफ-सफाई कराएं और उसे पिकनिक स्पॉट के रूप में प्राथमिकता के साथ विकसित कराना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि तालाबों के गहरीकरण मात्र से जल संचयन नही बढाया जा सकता है, इसके लिए कैचमेंट एरिया के अतिक्रमण जनता के सहयोग से हटाने की आवश्यकता है, जिससे वर्षा का जल तालाब तक पहुंच सकें।

