आखिर वीडियो को पहले किसने डाला था? हाईकोर्ट /दिल्ली विमान के अंदर गांजा/रुपया टूटकर 94.11 प्रति डॉलर /आखिर इस वीडियो को सबसे पहले इंटरनेट पर किसने डाला था?- हाईकोर्ट

Share

रुपया 33 पैसे टूटकर 94.11 प्रति डॉलर पर

मुंबई: 23 अप्रैल (भाषा) रुपये में बृहस्पतिवार को लगातार चौथे दिन गिरावट आई और यह 33 पैसे टूटकर 94.11 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। रुपया एक महीने में दूसरी बार 94 के स्तर से नीचे आया। पश्चिम एशिया में शांति वार्ता में कोई प्रगति न होने के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से घरेलू मुद्रा दबाव में है।विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट और अमेरिकी मुद्रा की वैश्विक मांग में वृद्धि के बीच विदेशी पूंजी की निकासी के कारण भी रुपये पर दबाव बना रहा। 

कंपनियां बताएं सबसे पहले वीडियो किसने डाला था? अब 6 जुलाई को सुनवाई

नई दिल्ली,(ईएमएस)।... दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल की कानूनी उलझनें और बढ़ती नजर आ रही हैं। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच से खारिज होने के बाद अब कोर्ट में जिरह के दौरान बने वीडियो ने विवाद खड़ा कर दिया है। दिल्ली हाईकोर्ट ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी के संयोजक, पार्टी के अन्य नेताओं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और पत्रकार रवीश कुमार के खिलाफ दाखिल एक जनहित याचिका पर संज्ञान लिया। कोर्ट ने सख्त निर्देश देते हुए सोशल मीडिया से संबंधित सभी वीडियो हटाने का आदेश दिया है। इसके साथ ही कोर्ट ने जांच के दायरे को बढ़ाते हुए यह भी सवाल किया है कि आखिर इस वीडियो को सबसे पहले इंटरनेट पर किसने डाला था? हाईकोर्ट ने अपनी टिप्पणी में साफ कहा कि इस तरह की रिकॉर्डिंग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के लिए तय किए गए नियमों का उल्लंघन है, जिसे सोशल मीडिया पर साझा करने की इजाजत नहीं दी जा सकती। वकील की याचिका पर संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल, आप नेताओं, दिग्विजय सिंह और रवीश कुमार को औपचारिक नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इस पूरे प्रकरण पर अब अगली सुनवाई 6 जुलाई को तय की गई है। पहले इस मामले को जस्टिस डी के उपाध्याय और जस्टिस कारिया की पीठ के सामने सूचीबद्ध किया था, लेकिन जस्टिस कारिया ने खुद को अलग कर लिया तो दूसरी बेंच के सामने भेज दिया। फेसबुक-इंस्टाग्राम की संचालक कंपनी मेटा और यूट्यूब की पैरेंट कंपनी गूगल के वकीलों ने सुनवाई के दौरान अपना पक्ष रखा। जब कोर्ट ने यह जानना चाहा कि क्या उस व्यक्ति का पता लगाया जा सकता है जिसने सबसे पहले वीडियो डाला था, तो मेटा ने साफ कहा कि उनके पास ऐसा कोई सीधा तरीका मैकेनिज्म नहीं है जिससे शुरुआती अपलोडर की तुरंत पहचान हो सके। हालांकि, मेटा ने बताया कि उनके पास यूआरएल और आईपी लॉग की जानकारी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी यूजर का ईमेल या मोबाइल नंबर मिलता है, तो वे उसके सिस्टम और आईपी एड्रेस से जुड़ी सूचनाएं अदालत को दे सकते हैं, क्योंकि अकाउंट बनाते समय ये विवरण जरूरी होते हैं। गूगल ने कोर्ट को बताया कि रजिस्ट्रार जनरल की ओर से जो 13 लिंक यूआरएल उपलब्ध कराए गए थे, उन्हें प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है। वहीं मेटा ने साफ किया कि जब भी किसी अवैध सामग्री की शिकायत मिलती है, तो संबंधित एजेंसियां उनसे संपर्क करती हैं और वे उस पर कार्रवाई करते हैं। कोर्ट ने इस पर सवाल किया कि क्या भविष्य में दिए गए निर्देशों के आधार पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद ऐसे सभी लिंक को हटाया जा सकता है? कोर्ट ने सवाल उठाया कि इन कंपनियों को हर बार निर्देश देने की जरूरत क्यों पड़ती है, वे खुद से ऐसी सामग्री क्यों नहीं हटाते? अंत में हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए इन कंपनियों को अगली सुनवाई में पूरी जानकारी के साथ आने को कहा है, ताकि यह साफ हो सके कि सबसे पहले वीडियो किसने अपलोड किया था। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वाली किसी भी सामग्री को फैलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 18.5 करोड़ रुपये का गांजा बरामद

नयी दिल्ली: 23 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने एक विमान के अंदर लावारिस पड़े ट्रॉली बैगों से 18.57 करोड़ रुपये मूल्य का संदिग्ध गांजा बरामद किया है। एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गयी है।बयान के अनुसार 20 अप्रैल को बैंकॉक से पहुंची एक उड़ान की सुरक्षा जांच के दौरान ये लावारिस ट्रॉली बैग बरामद हुए और कथित तस्करी के प्रयास का खुलासा हुआ।

उप्र : मिर्जापुर में ट्रक की टक्कर से दो कार में लगी आग, चार बच्चों समेत 11 लोगों की मौत

मिर्जापुर: 23 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र स्थित ड्रमंडगंज पहाड़ी इलाके में ट्रक की टक्कर से दो कारों में आग लगने के कारण चार बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।एक अधिकारी ने बताया कि जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर ड्रमंडगंज घाटी से लसोडा क्षेत्र की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-135 पर बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुए इस हादसे में मारे गए लोगों की पहचान देर रात हुई।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है।- फेक न्यूज

नई दिल्ली,(ईएमएस)। केंद्र सरकार ने गुरुवार को उन रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया गया था कि वर्तमान में चल रहे विधानसभा चुनावों के बाद देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। इसे फेक न्यूज बताते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट किया में कहा- कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की बात कही जा रही है। यह स्पष्ट है कि सरकार के सामने ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। इस तरह की खबरें भय और दहशत पैदा करने के उद्देश्य से फैलाई जाती हैं और ये शरारतपूर्ण और भ्रामक हैं।होर्मूज संकट के बीच आज बढ़त के साथ ब्रेंट क्रूड वायदा 102.52 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। यूएस वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड 93.44 डॉलर प्रति बैरल हो गया है। बता दें महंगाई को कंट्रोल करने के लिए केंद्र सरकार ने पिछले दिनों पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी 10 रुपए प्रति लीटर घटा दी थी। फिर भी सरकारी कंपनियों को प्रति लीटर पेट्रोल पर 25 रुपए और डीजल पर 105 रुपए का नुकसान हो रहा है।

 


Share

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

राशिफल

- Advertisement -spot_img

Latest Articles