
आप ने दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा पर कैमरामैन को थप्पड़ मारने का आरोप लगाया
नयी दिल्ली: 27 सितंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को आरोप लगाया कि दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा ने तिलक नगर विधानसभा क्षेत्र में सड़क निरीक्षण के दौरान एक कैमरामैन को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंत्री की गिरफ्तारी की मांग की।तिलक नगर से आप विधायक जरनैल सिंह ने दावा किया कि इलाके में सड़क निर्माण से जुड़े मुद्दे उठाए जाने पर वर्मा अपना आपा खो बैठे और उन्होंने कैमरामैन को थप्पड़ मार दिया।
एसआईआर की खामियों पर टुकड़ों में कदम उठाया जाना अपर्याप्त : कांग्रेस
नयी दिल्ली: 27 सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने रविवार को निर्वाचन आयोग पर अपना हमला तेज करते हुए कहा कि एसआईआर से जुड़े आयोग के प्रस्तावित कदम इस बात को स्वीकार करने के समान हैं कि यह कवायद ‘‘बुरी तरह विफल’’ रही है। पार्टी ने कहा कि हटाए गए या जोखिम वाले मतदाताओं के लिए ‘‘टुकड़ों में’’ उठाए गए कदम बड़े पैमाने पर मताधिकार से वंचित किए जाने की समस्या को दूर करने में बहुत कम मदद करेंगे।
निर्वाचन आयोग के ‘घोटाले’ में मुख्यमंत्री, पूरी भाजपा शामिल: अखिलेश यादव
लखनऊ: 27 सितंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को निर्वाचन आयोग पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) समेत चुनावों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अगर आयोग के पक्ष में बोल रहे हैं तो खुद वह और पूरी भाजपा “घोटाले में शामिल” है।उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह एक संवाददाता सम्मेलन में निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को लेकर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) समेत अन्य विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश कर रहे हैं।मुख्यमंत्री की पत्रकार वार्ता के कुछ घंटे बाद ही सपा प्रमुख यादव ने पार्टी के राज्य मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में निर्वाचन आयोग पर कई गंभीर आरोप लगाये। उन्होंने सुलतानपुर के नंदलाल निषाद का उदाहरण देते हुए कहा कि वह हस्ताक्षर करना नहीं जानते थे, लेकिन निर्वाचन आयोग के फार्म-7 (मतदाता का नाम हटाने की प्रक्रिया) में उनका हस्ताक्षर वाला फार्म भरा गया।अखिलेश यादव ने दावा किया कि सपा के विरोध के बाद उप्र में फार्म-7 बंद हो गया और अब मुख्यमंत्री अगर निर्वाचन आयोग के पक्ष में बोल रहे हैं तो खुद वह घोटाले में शामिल हैं और इसमें पूरी भाजपा शामिल है।
स्क्रीन की लत, गलत मुद्रा से बच्चों की रीढ़ की हड्डी प्रभावित हो रही : विशेषज्ञ
नयी दिल्ली: 27 सितंबर (भाषा) स्क्रीन पर अत्यधिक समय बिताने, लंबे समय तक कुर्सी से चिपके रहने और गलत मुद्रा में बैठने से बच्चों और किशोरों में पीठ, गर्दन और रीढ़ की हड्डी से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं। फिजियोथेरेपी विशेषज्ञों ने यह बात कहते हुए नियमित अंतराल पर ब्रेक लेने, बैठने की सही आदतों को लेकर जागरूकता फैलाने और बचाव के लिए फिजियोथेरेपी अपनाने की सलाह दी है।‘इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरेपिस्ट्स’ (आईएपी) के विशेषज्ञों ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित ‘विश्व फिजियोथेरेपी एशिया पश्चिमी प्रशांत (डब्ल्यूपीएडब्ल्यूपी) क्षेत्रीय सम्मेलन 2026 में’ बच्चों और किशोरों में स्क्रीन की लत से होने वाली समस्याओं को लेकर चिंता जताई।

