
शहडोल/ब्यौहारी|अप्रैल 5, 2023

मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा प्रदेश में बहन-बेटियों की जिंदगी सँवारने के लिए सामाजिक क्रांति चल रही है। यदि बहने सुखी हैं तो मेरी जिंदगी सफल है। आज शहडोल जिले के ब्यौहारी में लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहकों को 51 करोड़ के बोनस का वितरण भी किया। मुख्यमंत्री ने 327 करोड़ 51 लाख रूपये की लागत वाली भन्नी वृहद सिंचाई परियोजना का शिलान्यास किया। उन्होंने जिला प्रशासन की पुस्तक “सफल-सबल शहडोल” का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ब्यौहारी को मिनी स्मार्ट सिटी बनाने, रिंग रोड और पुल निर्माण सहित बाण सागर में इसी सत्र से कॉलेज खोलने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि लाड़ली बहना योजना एक सामाजिक क्रांति है। योजना के लिए हर वार्ड और गाँव में शिविर लगाए जाकर फार्म भरे जाएंगे। फार्म भरने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल है। यदि इसके बाद भी नाम छूट गए तो उन्हें भी जोड़ा जाएगा। हर पात्र बहन को योजना का लाभ मिलेगा।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि कोई भी बहन किसी भी व्यक्ति को एक भी रुपया न दे। यदि कोई मांग करता है तो सीधे 181 पर शिकायत करें, उस व्यक्ति को जेल भेजा जाएगा। प्रदेश में नशे पर नैतिक अंकुश लगाया गया है। शराब के अहाते बंद कर दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पेसा नियम के लागू हो जाने के बाद जनजातीय क्षेत्रों में जनजातीय भाई-बहनों को जल, जंगल और जमीन के अधिकार मिले हैं। अब तेंदूपत्ता संग्राहक स्वयं तेंदूपत्ता तोड़ कर बेच सकते हैं। अपने क्षेत्र की पत्थर और गिट्टी की खदानों को संचालित कर सकते हैं। छोटे-मोटे झगड़े गाँव की शांति और विवाद निराकरण समिति ही निपटा देती है। अब आपकी जमीन कोई नहीं हड़प सकता।
प्रत्येक सीएम राइज स्कूल लगभग 35 करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है और 25 किलोमीटर दूर तक के विद्यार्थियों को लाने के लिए बसों की व्यवस्था की जा रही है।वन मंत्री कुंवर डॉ. विजय शाह,केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि लाड़ली बहना जैसी योजनाओं से मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नया इतिहास रचा है। प्रदेश के जनजातीय विकासखंडों में पेसा नियम का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन सभी अनूठी पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री चौहान बधाई के पात्र हैं। सांसद श्रीमती रीति पाठक और विधायक शरद कोल ने भी संबोधित किया। जनजाति कल्याण मंत्री सुश्री मीना सिंह, शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राम खेलावन पटेल सहित जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएँ एवं नागरिक मौजूद रहे।

