
कोलकाता: 28 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल में 12 घंटे का बंद आहूत करने की कोशिश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं की कई स्थानों पर बुधवार को पुलिस से झड़प हुई।सुबह से ही सड़कों और रेल की पटरियों को अवरुद्ध करने के लिए पूर्व राज्यसभा सदस्य रूपा गांगुली और विधायक अग्निमित्रा पॉल समेत कई भाजपा नेताओं को हिरासत में लिया गया है।भाजपा ने मंगलवार को ‘नबान्न अभियान’ में भाग लेने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के विरोध में बुधवार को ‘बंगाल बंद’ का आह्वान किया जो आज सुबह छह बजे शुरू हो गया।कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में एक चिकित्सक के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग करते हुए सचिवालय (नबान्न) तक मार्च निकाला गया था। यह मार्च एक नवगठित छात्र समूह ‘छात्र समाज’ ने आयोजित किया था।मालदा में एक सड़क अवरुद्ध करने को लेकर तृणमूल तथा भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गयी। पुलिस ने कार्रवाई कर भीड़ को तितर-बितर किया।(साभार फोटो न्यूज़नेशन)
नयी दिल्ली: 28 अगस्त (भाषा)
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को मीडिया से निर्भीक होकर रिपोर्टिंग करने और सच्चाई के साथ खड़े होने को कहा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि चौथा स्तंभ देश और समाज को आकार देने में बड़ी भूमिका निभा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को कहा कि अब बहुत हो गया, अब समय आ गया है कि भारत महिलाओं के खिलाफ अपराधों की “विकृति” के प्रति जाग जाए और उस मानसिकता का मुकाबला करे जो महिलाओं को “कम शक्तिशाली, कम सक्षम, कम बुद्धिमान” के रूप में देखती है।पीटीआई के लिए एक विशेष हस्ताक्षरित लेख में मुर्मू ने कहा, “जो लोग इस तरह के विचार साझा करते हैं, वे आगे बढ़कर महिलाओं को एक वस्तु के रूप में देखते हैं… हमें अपनी बेटियों के प्रति यह दायित्व है कि वे भय से मुक्ति पाने के उनके मार्ग से बाधाएं दूर करें।”कोलकाता के एक अस्पताल में 9 अगस्त को एक जूनियर डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या का जिक्र करते हुए, “निराश और भयभीत” राष्ट्रपति ने कहा कि इससे भी अधिक निराशाजनक यह है कि यह महिलाओं के खिलाफ अपराधों की एक श्रृंखला का हिस्सा है।
चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई के किसानों ने बुधवार को भाजपा सांसद कंगना रनौत की किसान आंदोलन पर की गई टिप्पणी के खिलाफ यहां विरोध प्रदर्शन किया और उनकी लोकसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने यह भी मांग की कि भाजपा को उन्हें तुरंत पार्टी से निष्कासित कर देना चाहिए। आप की किसान शाखा की पंजाब इकाई के प्रदर्शनकारियों ने कंगना के खिलाफ नारे लगाए और आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने किसानों के विरोध के खिलाफ बात की है।

