
नयी दिल्ली: 31 जुलाई समाचार एजेंसी भाषा के अनुसारकांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने लोकसभा चुनाव के नतीजों का हवाला देते हुए बुधवार को पार्टी नेताओं से कहा कि देश में माहौल पार्टी के पक्ष में है, लेकिन अति आत्मविश्वास और आत्मसंतुष्टि नहीं होनी चाहिए तथा एकजुट होकर काम करना है।उन्होंने कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर तीखा प्रहार किया और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार लोकसभा चुनाव में लगे झटके से सबक लेने के बजाय आज भी विभाजन और डर फैलाने की अपनी नीति पर कायम है।सीपीपी की बैठक की शुरुआत में, केरल के वायनाड में कल मंगलवार को तड़के हुए भूस्खलन में मारे गए लोगों के और बीते सप्ताह के आखिर में दिल्ली के एक कोचिंग संस्थान में बारिश के पानी में डूबने के कारण जान गंवाने वाले तीन विद्याथियों के सम्मान में कुछ देर मौन रखा गया।संसदीय दल के प्रमुख के तौर पर दिए गए अपने भाषण में सोनिया गांधी ने मोदी सरकार, भाजपा एवं आरएसएस पर तीखे हमले किए।उन्होंने कहा, ‘‘हमें लगता था कि मोदी सरकार लोकसभा चुनाव में लगे बड़े झटके से सही सबक लेगी। इसके बजाय, वह समुदायों को विभाजित करने तथा भय और शत्रुता फैलाने की अपनी नीति पर कायम है।’’उन्होंने दावा किया, ‘‘नौकरशाही को आरएसएस की गतिविधियों में भाग लेने की अनुमति देने के लिए नियमों को अचानक बदल दिया गया। यह संगठन खुद को एक सांस्कृतिक संगठन कहता है लेकिन पूरी दुनिया जानती है कि यह भाजपा का राजनीतिक और वैचारिक आधार है।’’। हमें आत्मसंतुष्ट और अति आत्मविश्वासी नहीं बनना चाहिए। माहौल हमारे पक्ष में है, लेकिन हमें लक्ष्य को ध्यान में रखने की भावना के साथ एकजुट होकर काम करना होगा।’’कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि यदि कांग्रेस आगामी चुनावों में भी बेहतर प्रदर्शन करती है तो राष्ट्रीय राजनीति में बदलाव आएगा।
आईएएस पूजा खेडकर की उम्मीदवारी रद्द कर भविष्य में किसी भी परीक्षा में शामिल होने पर रोक
नयी दिल्ली: 31 जुलाई (भाषा) संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने परिवीक्षाधीन आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) अधिकारी पूजा खेडकर की उम्मीदवारी रद्द कर दी है और भविष्य में किसी भी परीक्षा में उनके शामिल होने पर रोक लगा दी है।आयोग ने एक बयान में कहा, ‘‘यूपीएससी ने उपलब्ध रिकॉर्ड की सावधानीपूर्वक जांच-पड़ताल की है और उन्हें सीएसई-2022 नियमों के प्रावधानों का उल्लंघन करने का दोषी पाया है।’’
राहुल गांधी की जाति पूछने में क्या गलत है: भाजपा
नयी दिल्ली: 31 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस पर जाति विवाद बढ़ाने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी की जाति पूछने में क्या गलत है जब वह स्वयं ही सरकारी अधिकारियों, न्यायाधीशों और यहां तक कि पत्रकारों सहित अन्य लोगों की जातियों के बारे में पूछते रहते हैं।हालांकि, सत्तारूढ़ दल ने स्पष्ट किया कि अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में केंद्रीय बजट पर चर्चा के दौरान राहुल की जाति के बारे में नहीं पूछा था। पार्टी ने आश्चर्य जताया कि जब अन्य सदस्यों में से किसी ने भी पूर्व केंद्रीय मंत्री की टिप्पणी पर कोई आपत्ति नहीं उठाई तो विपक्ष के नेता ने आपत्ति क्यों जताई और इसे अपना अपमान क्यों बताया।
नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को सरकार से भूस्खलन प्रभावित वायनाड के लोगों को हर संभव मदद देने और वहां के “पारिस्थितिक मुद्दे” पर गौर करने का आग्रह किया।उन्होंने केंद्र से भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोकने के लिए उच्च तकनीक समाधान लाने का भी आग्रह किया।देश के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन और बाढ़ के कारण जान-माल के नुकसान पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के दौरान बोलते हुए गांधी ने कहा कि केरल के वायनाड में “बड़ी त्रासदी” हुई है।गांधी ने वहां सेना के प्रयासों की सराहना की।पूर्व कांग्रेस प्रमुख ने कहा, “मुझे लगता है कि यह बहुत महत्वपूर्ण है कि हम वायनाड के लोगों का समर्थन करें, हम उन्हें यथासंभव सहायता दें और मैं सरकार से इस कठिन समय में वायनाड के लोगों की मदद करने का अनुरोध करता हूं।” गांधी ने कहा, “मुझे लगता है कि यह दूसरी बार है जब यह त्रासदी हुई है, यह पांच साल पहले हुई थी और यह बिल्कुल स्पष्ट है कि इस क्षेत्र में पारिस्थितिकी समस्या है, इसलिए इस पर गौर किया जाना चाहिए। जो भी उच्च तकनीक समाधान सामने लाया जा सकता है, वह अच्छा होगा।”

