
प्रधानमंत्री 12 जुलाई, 2025 को सुबह लगभग 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।देश भर में रोज़गार मेलों के माध्यम से अब तक 10 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।
वडोदरा पुल हादसा: मृतकों संख्या 18 हुई, 2 लापता, 4 निलंबित
वडोदरा: 10 जुलाई (भाषा) गुजरात के वडोदरा जिले में महिसागर नदी पर बने पुल के ढहने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है।
भाजपा ने टी.राजा सिंह का इस्तीफा किया स्वीकार, आरोपों को किया खारिज नयी दिल्ली: 11 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तेलंगाना के अपने विधायक टी राजा सिंह का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। पार्टी ने राजा सिंह के आरोपों को अप्रासंगिक बताते हुए खारिज कर दिया है।राजा सिंह ने भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष के चयन की आलोचना करते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।
भाजपा संविधान से धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद को हटाने की कोशिश कर रही है: खड़गे
भुवनेश्वर: (11 जुलाई)
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार संविधान से धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद को हटाने की कोशिश कर रही है और गरीबों व आदिवासियों की सुरक्षा के लिए बनाए गए कानूनों को कमजोर कर रही है।यहां पार्टी के ‘संविधान बचाओ समावेश’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, खड़गे ने यह भी कहा कि देश के आदिवासियों, दलितों, महिलाओं और युवाओं को भाजपा शासन में अपने अधिकारों के लिए लड़ना सीखना होगा।उन्होंने कहा, “भगवा पार्टी का मिशन संविधान बदलना है… केंद्र की भाजपा सरकार हमारे संविधान से धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद को हटाने की कोशिश कर रही है।”खड़गे ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबों और आदिवासियों की सुरक्षा के लिए 2006 में वन अधिकार अधिनियम पेश किया था।हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार इस कानून को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने दावा किया, “उद्योग के नाम पर, भाजपा सरकार हर जगह जंगलों को नष्ट कर रही है… अगर दलित, आदिवासी और युवा अपने अधिकारों के लिए लड़ना नहीं सीखेंगे, तो वे उनका भी सफाया कर देंगे।”खड़गे ने ओडिशा में भाजपा समर्थकों पर दलितों और सरकारी अधिकारियों पर हमला करने का भी आरोप लगाया।उन्होंने आरोप लगाया, “हाल ही में ओडिशा के गंजम में दो दलितों का मुंडन किया गया, उन्हें घुटनों के बल रेंगने पर मजबूर किया गया, घास खाने और गंदा पानी पीने के लिए मजबूर किया गया… भुवनेश्वर में एक सरकारी अधिकारी पर भी सरेआम हमला किया गया।”
केंद्र पर निशाना साधते हुए उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकारों ने भारत में 160 सार्वजनिक उपक्रम स्थापित किए, जबकि भाजपा सरकार ने “उनमें से 23 का निजीकरण कर दिया”।कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “मोदी जी कांग्रेस द्वारा बनाई गई सार्वजनिक संपत्ति अपने दोस्तों को बेच रहे हैं। उनका एक ही एजेंडा है – संविधान को नष्ट करना। पिछले लोकसभा चुनावों के दौरान, उन्होंने मतदाताओं से 400 से ज़्यादा सीटें जीतने का आग्रह किया था ताकि वे संविधान बदल सकें।”बाद में एक्स पर एक पोस्ट में, खड़गे ने कहा कि कांग्रेस सरकारों के दौरान पारादीप बंदरगाह, राउरकेला इस्पात संयंत्र, हीराकुंड बांध, नाल्को, एनटीपीसी, चिल्का नौसेना अकादमी, मंचेश्वर में रेल कोच फ़ैक्टरी, कोरापुट में एचएएल और आयुध निर्माणी की स्थापना हुई।“कांग्रेस के शासन में, भुवनेश्वर में एम्स, एनआईएसईआर, भौतिकी संस्थान और कई शैक्षणिक संस्थान स्थापित किए गए। कालाहांडी, बलांगीर और कोरापुट केबीके ज़िलों के परिवर्तन की योजना बनाई गई। लेकिन आज क्या हो रहा है?
“मोदी जी ओडिशा के लोगों की गाढ़ी कमाई अपने अरबपति दोस्तों को सौंप रहे हैं। उन्होंने दावा किया, “सारे सरकारी कारखाने, सरकारी कंपनियाँ, खदानें, बंदरगाह, हवाई अड्डे, जंगल, ज़मीन – सब कुछ मोदी जी के चंद दोस्तों को दिया जा रहा है।”खड़गे ने ज़ोर देकर कहा कि “बड़े-बड़े दावे करने वाली” भाजपा का ओडिशा और भुवनेश्वर के लिए “शून्य” योगदान है।उन्होंने कहा कि भगवा पार्टी राज्य के लिए कुछ किए बिना श्रेय लेना चाहती है, लेकिन कांग्रेस ओडिशा के लोगों के साथ खड़ी है।वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा, “सवाल यह है कि ओडिशा प्राकृतिक संसाधनों के मामले में भारत का सबसे समृद्ध राज्य है, तो फिर यहाँ के आदिवासी दुनिया में सबसे ज़्यादा गरीबी में क्यों जी रहे हैं?”
केंद्र सरकार पर अपना हमला जारी रखते हुए, खड़गे ने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाएँ संविधान के अनुसार नहीं, बल्कि “भाजपा के इशारे पर” काम करती हैं।”इसी तरह, अब लोगों के मताधिकार पर सीधा हमला हो रहा है। पहले महाराष्ट्र और अब बिहार। उन्होंने दावा किया, “चुनाव से ठीक पहले, बिहार में गरीब, उत्पीड़ित, शोषित और वंचित लोगों के मताधिकार छीने जा रहे हैं।”खड़गे बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का ज़िक्र कर रहे थे, जहाँ इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।चुनाव आयोग ने बिहार में अयोग्य नामों को हटाने और यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देश जारी किए हैं कि सभी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल हों ताकि वे चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।खड़गे ने कहा, “लेकिन, सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में हस्तक्षेप किया और चुनाव आयोग के फैसले पर सवाल उठाए। उसने निर्देश दिया कि आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और राशन कार्ड को भी दस्तावेजों की सूची में शामिल किया जाए।”
हाल ही में भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष पर टिप्पणी करते हुए, खड़गे ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के युद्धविराम कराने के दावों पर भाजपा सरकार की “चुप्पी” की आलोचना की।”ट्रम्प ने 16 बार ऐसे बयान दिए, जिसमें दावा किया गया कि उन्होंने भारत से युद्धविराम की मांग की है। लेकिन, मोदी जी चुप रहे क्योंकि उनमें ट्रंप के खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं है।”एआईसीसी प्रमुख ने आगे कहा, “हम उन्हें ऐसा नेता नहीं मानेंगे जिसके पास अपने देश की रक्षा करने की ताकत नहीं है।”

