
भोपाल :
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज वीआईपी मार्ग भोपाल में जैन मुनि विनम्र सागर जी के भोपाल आगमन पर उनका स्वागत किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अन्य जैन मुनियों से भी आशीर्वाद प्राप्त किया। छिंदवाड़ा प्रवास से लौटते हुए राजकीय विमानतल से मुख्यमंत्री निवास जाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव की नजर वीआईपी मार्ग से पैदल यात्रा कर जा रहे जैन मुनियों के दल पर पड़ी और उन्होंने वाहनों का काफिला रुकवा कर सभी का स्वागत किया। आचार्य जी ललितपुर (उत्तर प्रदेश) से जैन मुनियों के दल के साथ पधारे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल आगमन पर जैन मुनि और उनके सहयोगियों का स्वागत किया।
भोपाल : मंगलवार, जून 18, मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सभी कार्मिकों की विभिन्न समस्याओं की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से प्रत्येक माह के प्रथम मंगलवार को की जाएगी। यह व्यवस्था इसलिए की गई है कि किसी भी कर्मचारी को कंपनी मुख्यालय में आने की आवश्यकता नहीं पड़े और उनकी समस्याओं का निराकरण उनके कर्तव्य स्थल पर ही हो जाए। इसके लिए कंपनी के क्षेत्रांतर्गत सभी कार्मिक अपनी शिकायत ई-मेल आईडी employeegrievance.cz@mp.gov.in पर प्रेषित कर सकेंगे। इस पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा, छानबीन, पीजीआर अनुभाग के शिकायत प्रकोष्ठ द्वारा की जाकर संबंधित विभाग से प्रतिउत्तर समय-सीमा में प्राप्त किए जाने के बाद प्रबंध संचालक की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंसिंग होगी। इसमें आवेदक को व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर देते शिकायत का निराकरण करने की कार्रवाई की जाएगी।

