
दिल्ली-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल जाकर हाल ही में लालकिले के पास हुए विस्फोट में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिवारों से बातचीत की और उनके इलाज के बारे में जानकारी ली। श्री मोदी ने घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना भी की।विस्फोट घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने न्याय सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने जोर देकर कहा, “षड्यंत्र के पीछे जो लोग हैं, उन्हें सजा दी जाएगी।”
दिल्ली विस्फोट: गिरफ्तार डॉक्टर ने जनवरी में कई बार लाल किले की टोह ली; विस्फोट स्थल से 40 नमूने एकत्र किए गए
नई दिल्ली: (12 नवंबर) अधिकारियों ने बताया कि डॉ. मुज़म्मिल गनई, जिन्हें हाल ही में एक सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने के बाद गिरफ्तार किया गया था, के मोबाइल फोन से प्राप्त डंप डेटा के विश्लेषण से पता चला है कि उन्होंने इस साल जनवरी में लाल किला क्षेत्र की कई बार टोह ली थी। पुलिस द्वारा जैश-ए-मोहम्मद और अंसार ग़ज़वत-उल-हिंद से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने और तीन डॉक्टरों सहित आठ लोगों को गिरफ्तार करने के कुछ ही घंटों बाद, दिल्ली के लाल किला क्षेत्र के पास एक धीमी गति से चलती कार में एक उच्च-तीव्रता वाला विस्फोट हुआ, जिसमें 12 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए।पुलिस ने जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में फैले इस आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने के बाद लगभग 2,500 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, पोटेशियम क्लोरेट और सल्फर ज़ब्त किया।विस्फोट स्थल से लगभग 40 नमूने एकत्र करने वाली फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) के अनुसार, प्रारंभिक विश्लेषण से पता चला है कि विस्फोटकों में से एक नमूना अमोनियम नाइट्रेट होने की संभावना है।एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि डंप डेटा के विश्लेषण से पता चला है कि जनवरी के पहले सप्ताह में डॉ. मुज़म्मिल लाल किला क्षेत्र में और उसके आसपास बार-बार मौजूद थे।
मॉड्यूल की गतिविधियों की चल रही जाँच के तहत, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बुधवार को हरियाणा के मेवात से एक धर्मगुरु को हिरासत में लिया।मौलवी इश्तियाक, जिसे श्रीनगर लाया गया है, फरीदाबाद स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय परिसर में एक किराए के मकान में रह रहा था। अधिकारियों ने बताया कि उसके घर से ही पुलिस ने 2,500 किलोग्राम से ज़्यादा विस्फोटक बरामद किया था।मौलवी इश्तियाक, जो इस मामले में गिरफ्तार होने वाला नौवाँ व्यक्ति होगा, को गिरफ़्तार किए जाने की संभावना है।इस बीच, विस्फोट के बाद दिल्ली पुलिस राष्ट्रीय राजधानी में व्यापक जाँच कर रही है।दिल्ली के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के तहत शहर में आने-जाने वाले वाहनों की गहन जाँच की जा रही है। (भाषा)
सीजेआई पर जूता फेंके की घटना पर दिल्ली उच्च न्यायालय ने उचित कदम उठाने की जरूरत बताई
नयी दिल्ली: 12 नवंबर (भाषा) दिल्ली उच्च न्यायालय ने प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) बी आर गवई पर एक वकील द्वारा जूता फेंके जाने की घटना की बुधवार को निंदा की और कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उचित कदम उठाए जाने की जरूरत है।मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तुषार राव गडेला की पीठ ने कहा कि इस घटना से न केवल बार के सदस्यों को बल्कि सभी को ठेस पहुंची है। पीठ ने कहा कि वह याचिकाकर्ता की चिंताओं को समझती है।
साहित्य अकादमी-बाल साहित्य पुरस्कार 2025
PIB Delhi साहित्य अकादमी द्वारा बाल साहित्य की विधा में वार्षिक पुरस्कार – बाल साहित्य पुरस्कार 2025, शुक्रवार, 14 नवंबर 2025 को नई दिल्ली के तानसेन मार्ग स्थित त्रिवेणी सभागार में प्रदान किया जाएगा। ये पुरस्कार अकादमी के अध्यक्ष श्री माधव कौशिक द्वारा प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रख्यात गुजराती लेखिका वर्षा दास मुख्य अतिथि होंगी और अकादमी की उपाध्यक्ष कुमुद शर्मा धन्यवाद ज्ञापन करेंगी। साहित्य अकादमी की सचिव पल्लवी प्रशांत होल्कर स्वागत भाषण देंगी।पुरस्कृत पुस्तकें और पुरस्कार विजेता हैं: असमिया – मैनाहंतार पद्य (कविता), सुरेंद्र मोहन दास; बंगाली – एखोनो गए कांता दये (कहानियां), त्रिदीब कुमार चट्टोपाध्याय; बोडो – खांथी ब्स्वन अर्व अखु दानई (कहानियां), बिनय कुमार ब्रह्मा; डोगरी – नन्हीं तोर (कविता), पीएल परिहार ‘शौक’; अंग्रेजी – दक्षिण: साउथ इंडियन मिथ्स एंड फैबल्स रिटोल्ड (कहानियां), नितिन कुशलप्पा एमपी; गुजराती – तिनचक (कविता), कीर्तिदा ब्रह्मभट्ट; हिंदी – एक बटे बारह (नॉन-फिक्शन और संस्मरण), सुशील शुक्ला; कन्नड़ – नोटबुक (लघु कथाएं), के. शिवलिंगप्पा हंडीहाल; कश्मीरी – शुरे ते त्चुरे ग्युश (लघु कथाएं), इज़हार मुबाशिर; कोंकणी – बेलाबाईचो शंकर अनी वारिस कान्यो (कहानियां), नयना अदारकर; मैथिली – चुक्का (लघुकथाएं), मुन्नी कामत; मलयालम – पेंगुइनुकालुडे वंकाराविल (उपन्यास), श्रीजीत मूथेदथ; मणिपुरी – अंगांगशिंग – जी शन्नाबुंगशिदा (नाटक), शान्तो एम.; मराठी – अभयमाया (कविता), सुरेश गोविंदराव सावंत; नेपाली – शांति वन (उपन्यास), संगमू लेप्चा; उड़िया – केते फुला फूटिची (कविता), राजकिशोर पारही; पंजाबी – जद्दू पत्ता (उपन्यास), पाली खादिम (अमृत पाल सिंह); राजस्थानी – पंखेरुव नी पीड़ा (नाटक), भोगीलाल पाटीदार; संस्कृत – बलविस्वम (कविता), प्रीति आर. पुजारा; संताली – सोना मिरू-अग संदेश (कविता), हरलाल मुर्मू; सिंधी – आसमानी परी (कविता), हीना अगनानी ‘हीर’; तमिल – ओट्राई सिरगु ओविया (उपन्यास), विष्णुपुरम सर्वानन; तेलुगु – काबुरला देवता (कहानी), गंगीसेट्टी शिवकुमार; उर्दू – कौमी सितारे (लेख), ग़ज़नफ़र इक़बाल।
पुरस्कार विजेताओं को उनके कार्यों के सम्मान में 50-50 हजार रुपये का चेक और एक कांस्य पट्टिका प्रदान की जाएगीअगले दिन अर्थात् 15 नवंबर 2025 को अकादमी के नई दिल्ली के फिरोजशाह रोड स्थित सभागार रवींद्र भवन में पुरस्कार विजेताओं की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में पुरस्कार विजेता अपने रचनात्मक अनुभवों पर विचार-विमर्श करेंगे, जिसकी अध्यक्षता अकादमी की उपाध्यक्ष कुमुद शर्मा करेंगी।
भोपाल : बुधवार,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हम गौरव से भरे हैं कि मध्यप्रदेश, देश का सर्वाधिक जनजातीय आबादी वाला प्रदेश है। प्रदेश में जनजातीय वर्ग की 21 प्रतिशत आबादी निवास करती है। जनजातीय वर्ग के लोग प्रकृति का संरक्षण करते हुए इसी की छाया में अपना जीवन बिताते हैं। इन सभी जनजातियों के शैक्षणिक, सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए हमारी सरकार कटिबद्ध है। जनजातियों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को बेहद गौरवपूर्ण तरीके से मनाई जाएगी।

