
नयी दिल्ली, 25 मार्च (वार्ता)
कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने लोकसभा की अपनी सदस्यता समाप्त किए जाने की कार्रवाई पर समर्थन के लिए विपक्षी दलों का आभार
व्यक्त करते हुए शनिवार को कहा कि इस कार्रवाई ने विपक्ष को एक बड़ा हथियार पकड़ा दिया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ विपक्ष के साथ काम करने की इच्छा जताई है। श्री गांधी ने लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य करार दिए जाने की अधिसूचना के एक दिन बाद, यहां पार्टी मुख्यालय पर संवाददाता सम्मेलन में विपक्षी दलों से उन्हें मिल रहे व्यापक समर्थन के बारे में पूछे गए एक सवाल पर कहा, “में सभी विपक्षी दलों का आभार व्यक्त करता हूं। हम सब मिलकर काम करेंगे।”
श्री गांधी ने कहा, “इस एक्शन (मुझे सदस्यता से अयोग्य किए जाने की कार्रवाई) ने विपक्ष को एक बड़ा हथियार पकड़ा दिया है, क्योंकि जनता जानती है कि अडानी जी ‘भ्रष्ट’ व्यक्ति है। जनता खुद सवाल उठा रही है कि इस ‘भ्रष्ट’ व्यक्ति को प्रधानमंत्री क्यों बचा रहे हैं?”
श्री गांधी के अनुसार, “भाजपा के लोग कह रहे है कि अडानी पर आक्रमण देश पर आक्रमण है, तो क्या देश अडानी है। और अडानी देश हैं।”
राहुल का अयोग्य ठहराया जाना भाजपा के लिए ‘आत्मघाती गोल’ : थरूर
तिरुवनंतपुरम, 25 मार्च (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने शनिवार को कहा कि राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराया जाना भारतीय जनता पार्टी द्वारा किया गया ‘आत्मघाती गोल’ है।.उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि इस मुद्दे का आखिरकार विपक्षी दलों और राहुल गांधी को ही फायदा मिलेगा।.
भोपाल, 25 मार्च (भाषा) लोकसभा सदस्य के रूप में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अयोग्यता के खिलाफ मध्य प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने मुंह पर काली पट्टी बांधकर और उस पर ताला लगाकर शनिवार को भी प्रदर्शन जारी रखा।विरोध का उपहास उड़ाते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राहुल गांधी ने जब बयान दिया था, तब उन्हें अपने मुंह पर ताला लगा लेना चाहिए था, क्योंकि उसी बयान के कारण उन्हें मानहानि का दोषी ठहराया गया है।.

