
छत्तीसगढ़: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई स्थित आवास पर ईडी का छापा
रायपुर: 18 जुलाई (भाषा)
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के परिसरों पर शुक्रवार को फिर छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।यह छापेमारी उनके बेटे चैतन्य बघेल के खिलाफ कथित शराब घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में की गई।आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मामले में नये साक्ष्य मिलने के बाद ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दुर्ग जिले के भिलाई शहर में स्थित बघेल के आवास पर छापा मारा। यह पिता-पुत्र का साझा आवास है।सूत्रों ने बताया कि छापे की कार्रवाई चैतन्य बघेल के खिलाफ की गई, जिनके खिलाफ शराब घोटाला मामले में जांच जारी है।बघेल के आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिसकर्मी देखे गए, वहीं कुछ पार्टी समर्थक भी वहां एकत्र हो गए।संघीय जांच एजेंसी ने 10 मार्च को भी चैतन्य बघेल के खिलाफ इसी तरह की छापेमारी की थी।कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ईडी विधानसभा सत्र के आखिरी दिन उनके घर आई है, जब रायगढ़ जिले के तमनार तहसील में अदाणी समूह की कोयला खदान परियोजना के लिए पेड़ों की कटाई का मुद्दा उठाया जाना था।उनके कार्यालय ने ‘एक्स’ में एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज विधानसभा के मॉनसून सत्र का अंतिम दिन है। तमनार में अदाणी के लिए काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा आज उठना था। भिलाई निवास में ‘साहेब’ ने ईडी भेज दी है।’’बघेल ने इस महीने की शुरुआत में रायगढ़ जिले के तमनार तहसील का दौरा किया था और कोयला खदान परियोजना के लिए पेड़ों की कटाई का विरोध कर रहे स्थानीय ग्रामीणों के प्रति समर्थन व्यक्त किया था।यह खदान महाराष्ट्र राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड को आवंटित है, जिसने एमडीओ (खदान विकासकर्ता सह संचालक) का ठेका अदाणी समूह को दिया है।ईडी ने पहले दावा किया था कि चैतन्य बघेल पर कथित शराब घोटाले से धन प्राप्त करने का संदेह है।
ईडी में सेवा देते हुए दो मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार करने वाले आईआरएस कपिल राज ने सेवा से इस्तीफा दिया
नयी दिल्ली: 18 जुलाई (भाषा)
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में रहते हुए दो मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी की निगरानी करने वाले भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी कपिल राज ने लगभग 16 वर्षों की सेवा के बाद सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया है।वित्त मंत्रालय द्वारा बृहस्पतिवार को जारी एक आदेश में कहा गया, “भारत के राष्ट्रपति ने कपिल राज के भारतीय राजस्व सेवा से इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है जो 17 जुलाई से प्रभावी होगा।
आप अब ‘इंडिया’ का हिस्सा नहीं : संजय सिंहनयी दिल्ली: 18 जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को ‘इंडिया’ गठबंधन से अपनी दूरी बनाते हुए कहा कि वह अब विपक्षी गठजोड़ का हिस्सा नहीं है और इसका नेतृत्व करने में कांग्रेस पार्टी की भूमिका पर सवाल उठाया।राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने देश में मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा के लिए शनिवार शाम ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के नेताओं की डिजिटल माध्यम से होने वाली बैठक से एक दिन पहले यह टिप्पणी की।
कैग ने ‘लॉकडाउन’ में मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे टोल कंपनी को 71 करोड़ रुपये देने की आलोचना की
मुंबई: 18 जुलाई (भाषा) भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने कोविड-19 महामारी के कारण लगाए गए ‘लॉकडाउन’ के दौरान मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे टोल परिचालक को 71.07 करोड़ रुपये की अनियमित राजस्व छूट देने के लिए महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की है।

